फतेहनगर में बिजली शिकायत के लिए व्हाट्सएप ग्रुप शुरू, उपभोक्ताओं को मिली राहत
विद्युत वितरण निगम ने उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और बिजली कटौती की सामूहिक सूचनाएं साझा करने के लिए डिजिटल तकनीक का सहारा लिया है।

फतेहनगर में विद्युत वितरण निगम द्वारा शुरू किए गए विशेष व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से उपभोक्ता अब घर बैठे अपनी बिजली संबंधी शिकायतें सीधे तकनीकी कर्मचारियों तक पहुंचा रहे हैं।
फतेहनगर। बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर उपभोक्ताओं की सबसे बड़ी परेशानी शिकायत दर्ज करवाने को लेकर रहती थी। कई बार घंटों तक फोन मिलाने के बावजूद लाइन बिजी मिलती थी और उपभोक्ता परेशान होकर फोन काटने को मजबूर हो जाते थे। ऐसी स्थिति में न शिकायत दर्ज हो पाती थी और न ही समय पर समाधान मिल पाता था। अब विद्युत वितरण निगम फतेहनगर ने इस समस्या के समाधान के लिए तकनीक का सहारा लेते हुए एक नई पहल शुरू की है।
निगम अधिकारियों ने एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है, जिसके माध्यम से क्षेत्र के उपभोक्ता अपनी बिजली संबंधी शिकायतें सीधे विभाग तक पहुंचा रहे हैं। ग्रुप में जैसे ही कोई उपभोक्ता बिजली गुल होने, फॉल्ट, ट्रांसफॉर्मर खराब होने, ढीले तार, लो वोल्टेज या अन्य तकनीकी समस्या की सूचना साझा करता है, विभागीय कर्मचारी स्वतः संज्ञान लेकर मौके पर पहुंचने का प्रयास करते हैं। इससे शिकायत प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज और पारदर्शी बन गई है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार पहले एक ही क्षेत्र से दर्जनों फोन आने के कारण लाइन लगातार व्यस्त रहती थी। अब व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए एक सूचना सभी संबंधित कर्मचारियों तक तुरंत पहुंच जाती है और तत्काल कार्रवाई शुरू हो जाती है। इससे उपभोक्ताओं को बार-बार फोन करने की आवश्यकता भी नहीं रहती।
शिकायत निवारण के साथ-साथ विभाग अब निर्धारित बिजली कटौती, मेंटेनेंस कार्य, लाइन फॉल्ट, आपातकालीन बंदी और सप्लाई बहाली जैसी सामूहिक सूचनाएं भी इसी ग्रुप में साझा कर रहा है। इससे उपभोक्ताओं को समय रहते जानकारी मिल रही है और अनावश्यक भ्रम की स्थिति नहीं बन रही।
स्थानीय लोगों ने इस पहल को राहतभरी शुरुआत बताते हुए कहा कि डिजिटल माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की सुविधा से अब समस्या सीधे जिम्मेदार कर्मचारियों तक पहुंच रही है। वहीं विभागीय अधिकारियों का मानना है कि तकनीक के बेहतर उपयोग से उपभोक्ता सेवाओं में और सुधार लाया जा सकता है।
फतेहनगर में शुरू की गई यह पहल अब आमजन के लिए “एक मैसेज में समाधान” जैसी व्यवस्था बनती जा रही है। इससे बिजली शिकायतों के निस्तारण में तेजी आई है और उपभोक्ताओं को राहत मिलने लगी है।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
