फतहनगर के चंगेड़ी गारियावास (गाडरी मोहल्ला) क्षेत्र में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की एक पुरानी पानी की टंकी पिछले कई वर्षों से जर्जर अवस्था में खड़ी है, जिससे आसपास के रहवासियों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण यह अनुपयोगी ढांचा कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पानी की टंकी वर्ष 2012-13 से पूरी तरह बंद है और उपयोग में नहीं है। विभाग ने पशु चिकित्सालय और स्कूल के पास नई पानी की टंकी का निर्माण कर वहां से जलापूर्ति शुरू कर दी है, लेकिन पुरानी और अनुपयोगी हो चुकी इस टंकी को हटाने या ध्वस्त करने के लिए अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

यह जर्जर टंकी अंकुर पब्लिक स्कूल के ठीक ऊपर स्थित है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे अध्ययन के लिए आते हैं। इसके अलावा टंकी मुख्य रास्ते के बिल्कुल निकट होने से यहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। टंकी की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और इसका प्लास्टर तथा कंक्रीट टूटकर नीचे गिर रहे हैं, जिससे हर समय जान-माल के नुकसान की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय सजग नागरिकों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को कई बार लिखित शिकायतें और ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। इतना ही नहीं, टंकी की जर्जर स्थिति और उससे उत्पन्न खतरे के फोटो एवं वीडियो भी अधिकारियों को भेजे गए, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस अनुपयोगी और खतरनाक पानी की टंकी को नहीं हटाया गया, तो किसी भी संभावित अनहोनी की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि जनहित को देखते हुए इस जर्जर टंकी को जल्द से जल्द हटाया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Vikas Chawada (Udaipur)

Vikas Chawada (Udaipur)

नाम: विकास चावड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)

कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)

अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय

बीट और मुख्य विषय 

  • स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
  • राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
  • जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

हायर सेकेंडरी

Next Story