फतहनगर: विकल्प संस्थान ने नुक्कड़ नाटक के जरिए बाल विवाह के खिलाफ जगाई अलख
खेमपुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में नुक्कड़ नाटक और शपथ ग्रहण के माध्यम से ग्रामीणों को बाल विवाह के कानूनी और स्वास्थ्य दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

उदयपुर के खेमपुर क्षेत्र में विकल्प संस्थान द्वारा आयोजित जन-जागरण अभियान के दौरान ग्रामीणों को बाल विवाह न करने की शपथ दिलाते कार्यकर्ता और नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति।
फतहनगर। खेमपुर क्षेत्र में बाल विवाह जैसी गंभीर सामाजिक कुरीति के विरुद्ध विकल्प संस्थान ने प्रभावी जनजागरण अभियान चलाते हुए समाज को झकझोरने का प्रयास किया। अभियान के तहत खेमपुर, धारता एवं लदाना गांवों में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया, जिसका उद्देश्य इस कुरीति के उन्मूलन के लिए सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने बाल विवाह के सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों को सरल लेकिन प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कलाकारों ने बताया कि कम उम्र में विवाह होने से बच्चों की शिक्षा बाधित होती है, स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है तथा उनके भविष्य के विकास के अवसर सीमित हो जाते हैं।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को स्पष्ट रूप से बताया गया कि कानून के अनुसार लड़कियों के विवाह की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा लड़कों की 21 वर्ष निर्धारित है। इससे कम उम्र में विवाह कराना दंडनीय अपराध है, जिस पर सरकार द्वारा सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
जनजागरण कार्यक्रम के अंतर्गत गांवों में नारा लेखन और पंपलेट वितरण भी किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सही जानकारी पहुंच सके। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों को बाल विवाह न करने और न करवाने की शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों ने भी इस सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूक रहने तथा दूसरों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
अभियान में विकल्प संस्थान की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही। इस दौरान मीना, इंद्रा, कुसुम, ममता, जितेंद्र, रीना, वैशाली, महेंद्र, योगेश्वरी एवं कोमल सहित कई कार्यकर्ताओं ने सहभागिता निभाते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संदेश दिया।
स्थानीय लोगों ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों से समाज में नई सोच विकसित होती है और लोगों को सही दिशा मिलती है। विकल्प संस्थान का यह प्रयास बाल विवाह रोकथाम की दिशा में एक सराहनीय और प्रभावी पहल के रूप में सामने आया है, जो सामाजिक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
