फतहनगर में नवाह्नपारायण रामायण पाठ के साथ चैत्र नवरात्रि महोत्सव शुरू
सनवाड़ रोड स्थित मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर में 27 मार्च तक सामूहिक रामचरितमानस पाठ का आयोजन किया जाएगा।

फतहनगर। आध्यात्मिक चेतना और प्रभु प्रेरणा के संगम के साथ सनवाड़ रोड स्थित भगवा सर्कल के समीप श्री मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर प्रांगण में गुरुवार को चैत्र नवरात्रि महोत्सव का गरिमामय आगाज हुआ। नगर के श्रद्धालुओं की सक्रिय सहभागिता से आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान 27 मार्च 2026 तक निरंतर गतिमान रहेगा, जिसमें प्रतिदिन प्रातः 07 से 11 बजे तक श्रीरामचरितमानस के सस्वर सामूहिक श्री नवाह्नपारायण रामायण पाठ की गूँज सुनाई देगी। आयोजन के प्रथम दिन नगर के गणमान्य पुरुषों एवं महिलाओं ने पूर्ण तन्मयता और सक्रियता के साथ सामूहिक रूप से बैठकर मानस पाठ का पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ देव वंदना, हरि नाम संकीर्तन एवं मानस महिमा के गान के साथ हुआ, जिसके पश्चात सती प्रसंग से लेकर शिव विवाह तक की चौपाइयों का सस्वर पाठ किया गया। आयोजन की शास्त्रीय मर्यादाओं का निर्वहन करते हुए पूजन विधान सुबोध पाराशर द्वारा संपन्न करवाया गया। मोहनसिंह भाटी के विशिष्ट सानिध्य में मुख्य व्यासपीठ पर मानस प्रेमी मनोहरलाल काबरा, अशोक अग्रवाल एवं नटवरलाल अग्रवाल विराजित रहे, जिनके मार्गदर्शन में पाठ की गरिमा अक्षुण्ण रही। प्रथम दिन के पाठ के विश्राम के उपरांत पंडित सीताराम शर्मा द्वारा रामायण जी एवं हनुमान जी की विधि-विधान से आरती उतारी गई, जिसके पश्चात उपस्थित जनसमूह को प्रसाद वितरण किया गया। आस्था के इस महाकुंभ ने संपूर्ण क्षेत्र को राममय कर दिया है, जो आगामी नौ दिनों तक भक्ति की अविरल धारा प्रवाहित करेगा।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
