फतहनगर। नगर पालिका चुनाव 2026 के दौरान पार्टी अनुशासन का उल्लंघन और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में भारतीय जनता पार्टी उदयपुर देहात जिला संगठन ने पांच नेताओं के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। जिला भाजपा अध्यक्ष पुष्कर तेली ने आदेश जारी कर पांचों नेताओं को छह वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है।

जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली की ओर से जारी पत्र क्रमांक 247, दिनांक 4 अक्टूबर 2026 के अनुसार, संबंधित नेताओं पर नगर पालिका चुनाव में भाजपा के अधिकृत सभापति प्रत्याशी के विरुद्ध कांग्रेस के समर्थन से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने, पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करने तथा पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने के आरोप लगाए गए हैं।

पार्टी संगठन की कार्रवाई के तहत पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शांतिलाल चपलोत के भतीजे राजेश चपलोत, बाबूलाल चौपड़ा, पूर्व पार्षद गजेन्द्र सिंह रावल, चपलोत की भतीजा बहू फतहनगर-सनवाड़ पालिका अध्यक्ष ममता चपलोत एवं प्रहलाद सिंह राणावत को छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार भाजपा संभाग कोर कमेटी एवं जिला कोर कमेटी से चर्चा और विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया। जिला संगठन ने पार्टी अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए संबंधित नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की है।

निष्कासन आदेश की प्रतिलिपि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश संगठन महामंत्री अजय भाई तथा संभाग संगठन प्रभारी नाहर सिंह जोधा को आवश्यक सूचना एवं कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

नगर पालिका चुनाव के बाद हुई इस कार्रवाई को स्थानीय भाजपा संगठन में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पांच नेताओं के निष्कासन के बाद फतहनगर-सनवाड़ क्षेत्र की स्थानीय राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

Vikas Chawada (Udaipur)

Vikas Chawada (Udaipur)

नाम: विकास चावड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)

कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)

अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय

बीट और मुख्य विषय 

  • स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
  • राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
  • जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

हायर सेकेंडरी

Next Story