फतहनगर में भक्त नरसी जी के मायरा प्रसंग का वर्णन, समर्पण पर जोर
माणकचंद मेनारिया ने द्वारकाधीश को पत्रिका सौंपने, किशना खाती लीला और द्यूतक्रीड़ा प्रसंग से पूर्ण समर्पण का महत्व समझाया।

फतहनगर में आयोजित श्रीमद् कथा के दौरान व्यासपीठ से संबोधित करते प्रवक्ता माणकचंद मेनारिया।
फतहनगर। भगवान के प्रति अटूट विश्वास और भक्त की लाज रखने के लिए स्वयं दौड़े चले आने वाले प्रभु की कथा ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। महेश कॉलोनी स्थित प्रह्लाद राय मंडोवरा के निवास स्थान पर मेवाड़ के प्रखर कथा प्रवक्ता श्री माणकचंद मेनारिया के सानिध्य में 20 से 23 नवंबर तक आयोजित श्रीमद् कथा के तीसरे दिन भक्त नरसी जी के भक्तिमय जीवन और मायरा प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया गया।
व्यासपीठ से माणकचंद मेनारिया ने भक्त नरसी जी के जीवन से जुड़े प्रसंगों का वर्णन करते हुए मायरा कथा का विस्तार से विवेचन किया। उन्होंने अंजान नगर से नानीबाई द्वारा अपने पिता नरसी जी को भेजे गए विवाह के मार्मिक निमंत्रण का भावपूर्ण वाचन किया। उन्होंने बताया कि मायरे की सूची और पत्रिका प्राप्त होने पर भक्त नरसी जी ने उसे तुलसीपत्र एवं चंदन तिलक के साथ भगवान द्वारकाधीश को समर्पित कर दिया और मायरा भरने की संपूर्ण जिम्मेदारी प्रभु को सौंप दी।
कथा में नरसी जी के टूटी बैलगाड़ी में साधुओं के साथ मायरा लेकर रवाना होने का प्रसंग सुनाया गया। रास्ते में बैलगाड़ी टूटने पर भगवान ने किशना खाती का रूप धारण कर उसे ठीक किया और सारथी बनकर नरसी जी के साथ अंजान नगर पहुंचे। जनवासे की दुर्दशा, पिता-पुत्री के मिलन और नरसी जी के अटूट विश्वास का सजीव वर्णन सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
व्यासजी ने भगवान की सर्वव्यापकता, सृष्टि निर्माण तथा द्रौपदी और अजामिल सहित अनेक भक्तों पर प्रभु की कृपा के प्रसंग भी सुनाए। उन्होंने बताया कि सच्चे भक्त का विश्वास कभी व्यर्थ नहीं जाता। भगवान अपने भक्त की लाज रखने के लिए स्वयं दौड़े चले आते हैं। नरसी जी के स्वागत और उनके लिए भगवान द्वारा मायरा लेकर आने के प्रसंग का भी मार्मिक वर्णन किया गया।
परमात्मा के प्रति पूर्ण समर्पण का महत्व समझाते हुए व्यासजी ने महाभारत के द्यूतक्रीड़ा प्रसंग का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पांडवों ने यदि उस समय भगवान पर पूर्ण विश्वास करते हुए द्यूतक्रीड़ा की जिम्मेदारी उन्हें सौंप दी होती, तो उनकी पराजय नहीं होती। जब कौरवों ने पासा चलाने के लिए शकुनि को आगे किया, उस समय पांडव भगवान को अधिकृत कर देते तो परिणाम कुछ और ही होता।
कथा के अंत में सामूहिक आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कथा के आगामी दिन का समय प्रातः 9 से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
