यूपीएससी: डूंगरपुर की फरहाना शेख ने पहले प्रयास में पाई सफलता, एमएमबी ग्रुप ने किया सम्मान
प्रथम प्रयास में यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली फरहाना शेख के निवास पर एमएमबी ग्रुप ने स्मृति चिह्न भेंट कर उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि का इस्तकबाल किया।

डूंगरपुर (प्रात:काल संवाददाता)। डूंगरपुर शहर की होनहार बेटी फरहाना शेख ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में अपने प्रथम प्रयास में ही सफलता का परचम लहराकर संपूर्ण मुस्लिम समाज और जिले का नाम रोशन किया है। हिजाब से किताब तक के अपने इस अनुकरणीय सफर को दृढ़ निश्चय के साथ पूरा करने वाली फरहाना की इस उपलब्धि ने हर किसी को अचंभित कर दिया है। उनकी इस हिम्मत और कठिन परिश्रम का प्रतिफल है कि आज पूरा डूंगरपुर शहर उन्हें मुबारकबाद देने के लिए उमड़ पड़ा है। फरहाना की इसी ऐतिहासिक कामयाबी पर विभिन्न ग्रुपों एवं संस्थानों द्वारा उनके निवास पर पहुंचकर उन्हें सम्मानित करने का सिलसिला निरंतर जारी है।
इसी कड़ी में एमएमबी गु्रप डूंगरपुर के सदर नूर मोहम्मद मकरानी, हाजी अख्तर हुसैन मलिक और इमरान मुल्तानी ने आज फरहाना शेख के निवास स्थान पर जाकर उनका इस्तकबाल किया। ग्रुप के पदाधिकारियों ने फरहाना को पुष्पमाला पहनाई और स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर सदर मकरानी ने संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में जहां युवा पीढ़ी मोबाइल और सोशल मीडिया पर अपना बहुमूल्य समय नष्ट कर रही है, वहीं फरहाना शेख उनके लिए एक प्रेरणादायी मिसाल बनकर उभरी हैं। उन्होंने सिद्ध कर दिया है कि यदि एकाग्रता, मेहनत और सच्ची लगन के साथ पढ़ाई की जाए, तो सफलता निश्चित रूप से कदम चूमती है। फरहाना की यह जीत न केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह उन सभी के लिए एक संदेश है जो संघर्षों के बीच अपने सपनों को साकार करने का माद्दा रखते हैं। समाज के विभिन्न वर्गों ने फरहाना शेख की इस सफलता को महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रतीक बताया है।

