देवगढ़ (प्रात:काल संवाददाता)। देवगढ़ पंचायत समिति की साधारण सभा मंगलवार को दोपहर 2 बजे पंचायत समिति महाराणा प्रताप सभाभवन में प्रधान कल्पना कंवर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नरेगा कार्यों से लेकर सामाजिक कल्याण योजनाओं तक विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की।

सहायक विकास अधिकारी उत्तमचन्द्र प्रजापत ने बैठक की शुरुआत में पिछली बैठक की कार्यवाही का सदन में वाचन किया। उसके पश्चात एजेण्डा अनुसार वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 के तहत नरेगा कार्यों के प्रस्तावों पर विचार किया गया। इसमें कुल 4,194 कार्य शामिल हैं, जिनमें 2,533 सामुदायिक कार्य और 1,661 व्यक्तिगत कार्य हैं। प्रस्तावित राशि 6,304.10 लाख रुपए सामुदायिक कार्यों और 1,793.50 लाख रुपए व्यक्तिगत कार्यों के लिए, कुल मिलाकर 8,097.60 लाख रुपए निर्धारित की गई। सदन ने इन प्रस्तावों को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया।

तहसीलदार सज्जनराम चौधरी ने अतिवृष्टि के कारण हुए फसल नुकसान के मुआवजे संबंधी जानकारी साझा की और कृषकों को उनके आधार कार्ड की प्रति पटवार हल्का को उपलब्ध कराने की प्रक्रिया से अवगत कराया। पशुपालन विभाग के अधिकारी ने मुख्यमंत्री पशु मंगला बीमा योजना की वर्तमान स्थिति और इसके महत्व पर प्रकाश डाला तथा अधिक से अधिक पशुपालकों को बीमा करवाने के लिए जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया।

उपखंड अधिकारी मोखमसिंह सिनसिनवार ने एसआईआर में बीएलओ को सहयोग हेतु जनप्रतिनिधियों से समर्थन मांगा। उपप्रधान गेहरीलाल ने वृद्धावस्था पेंशन के सत्यापन में असमर्थ पेंशनरों की समस्या को उठाया। विकास अधिकारी गुलाबसिंह गुर्जर ने बताया कि ऐसे लाभार्थियों का सत्यापन ग्राम पंचायत सचिव द्वारा ग्राम पंचायत के लेटरपेड से किया जाएगा और पंचायत समिति द्वारा इसे पूर्ण किया जाएगा।

बैठक के समापन पर प्रधान कल्पना कंवर ने उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद करते हुए कार्यक्रम की सफलता पर संतोष व्यक्त किया। बैठक में उपप्रधान गेहरीलाल, जिला परिषद सदस्य टीना गहलोत, पंचायत समिति सदस्य शिवपाल सिंह, किशनलाल सालवी, कमला देवी, राजी देवी, प्रशासक अर्जुन सिंह राठौड़ माद, आसुराम मेवाडा लसानी, अम्बालाल भील आंजना, नारायणलाल सालवी दौलपुरा, जयराम सालवी कालेसरिया सहित ब्लॉक स्तर के विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story