झाड़ोल, 16 नवंबर 2025: राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के तत्वावधान में आज ब्लॉक स्तरीय महिला शिक्षक सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं की शिक्षा, सशक्तिकरण और समाज में उनकी भूमिका पर व्यापक चर्चा हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ममता पंवार, जिला प्रमुख, ने महिलाओं की शिक्षा और आर्थिक उन्नति पर अपने विचार साझा किए और टी एस पी क्षेत्र में महिलाओं को नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी।

सम्मेलन में मुख्य वक्ता हीरा गायरी ने स्वतंत्रता सेनानी रानी अबक्का देवी के जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारत के गौरवशाली इतिहास में रानी अबक्का देवी को भुला दिया गया है, जबकि उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। इसी संदर्भ में भारत सरकार ने हाल ही में रानी अबक्का के नाम पर सेना पोत और उनका संघर्ष स्मरण करते हुए डाक टिकट जारी किया। उन्होंने कहा कि हमें रानी अबक्का एवं भारतीय इतिहास में महिलाओं के योगदान को याद रखना चाहिए।

वक्त्ता कला पुरबिया ने भारत की महान नारियों और गौरवशाली परंपराओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई, गार्गी और अन्य भारतीय नारियों के योगदान को उजागर करते हुए बताया कि भारतीय नारी समाज और राष्ट्र निर्माण में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही हैं।

खुले मंच में तरुणा राठौर, सुनीता पुरबिया, हेमलता चपलोत, खुशबू जैन और अन्नू जैन ने नारी शक्ति, भारतीय नारी के महत्व, एकल व संयुक्त परिवारों और शिक्षा में नवाचार व पंच परिवर्तन पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रकाश भट्ट और प्रताप सिंह ने प्रस्तुत की। संचालन दीपिका पुरोहित ने किया, जबकि आभार महिला मंत्री सुशीला बडेरा ने व्यक्त किया। अध्यक्षता शेर सिंह राणावत ने की और विशिष्ट अतिथि मोरध्वज व्यास, CBE0 झाड़ोल, उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सौ से अधिक महिलाओं ने भाग लिया, जिसमें डिंपल पुरबिया, दीपिका पुरबिया, ममता जैन, रंजीता झाला, सुशीला पटेल और लीला गरासिया सहित कई प्रमुख शिक्षिकाएं शामिल रहीं। यह सम्मेलन महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं को समाज में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story