जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं के लक्ष्य समय पर पूरा करने पर जोर
उदयपुर में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने स्वास्थ्य योजनाओं और परिवार कल्याण कार्यक्रमों के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया। गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण और नसबंदी केस में सुधार के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।

उदयपुर (वि.)। जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को बडी स्थित कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें जिले के स्वास्थ्य सेवा और परिवार कल्याण कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अशोक आदित्य ने की। उन्होंने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों और विभागीय कर्मचारियों को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सुनिश्चित करें।
बैठक में सीएमएचओ प्रथम, सीएमएचओ द्वितीय, एडिशनल सीएमएचओ, आरसीएचओ, डीपीसी आरएमएससी, एसएमओ डब्ल्यूएचओ, शहर प्रभारी, डीपीएम, डीएनओ, यूएनएफपीए प्रतिनिधि, डीपीसी आईईसी, डीपीसी टीबी, बीसीएमओ, बीपीएम और जिले के सीएचसी प्रभारियों ने भाग लिया। आरसीएचओ डॉ. राकेश गुप्ता ने आरसीएच कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए बताया कि गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण प्रथम त्रैमासिक में सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि एएनसी पंजीकरण में मावली, वल्लभ नगर, कोटड़ा और त्रैमासिक पंजीकरण में उदयपुर शहरी क्षेत्र, गोगुंदा और फलासिया निर्धारित लक्ष्य से पीछे हैं। संस्थागत प्रसव में कोटड़ा, गोगुंदा और नयागांव पिछड़े हुए हैं, जबकि मिसिंग डिलीवरी में झाड़ोल, कोटड़ा और गिर्वा, और पूर्ण टीकाकरण में मावली, वल्लभ नगर तथा नयागांव लक्ष्य से कमतर हैं। दिसंबर में जिले में पिंक पखवाड़ा मनाया जाएगा, जिसमें अनीमिक महिलाओं को एससीएम इंजेक्शन लगाने का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रागिनी अग्रवाल ने परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत नसबंदी केस बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कोटड़ा, झाड़ोल, फलासिया और नयागांव में केस अपेक्षित संख्या से कम हुए हैं। पीपीआईयूसीडी में शहरी क्षेत्र, सायरा और ऋषभदेव की प्रगति सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही परिवार कल्याण साधनों के ऑनलाइन इंडेंट करवाने का आदेश भी दिया गया।
एसएमओ डब्ल्यूएचओ डॉ. अक्षय व्यास ने जिले में टीकाकरण की स्थिति का विवरण देते हुए बताया कि वर्तमान में पूर्ण टीकाकरण की दर 92 प्रतिशत है और इसे 95 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने वल्लभ नगर, मावली और सायरा क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने को कहा।
सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने मां वाउचर योजना के तहत आवश्यकतानुसार वाउचर तैयार करने और एक महीने में सोनोग्राफी करवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जन्म प्रमाण पत्र पीसीटीएस आईडी से जारी करने में आ रही समस्याओं पर भी चर्चा की। इसके अलावा बायो वेस्ट और फायर एनओसी के लिए सभी संस्थानों से आवेदन करवाने, एमएलसी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को पोर्टल पर दर्ज करने तथा चिकित्सालयों में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
सीएमएचओ ने स्पष्ट किया कि बिना सूचना हेड क्वार्टर छोड़ने की अनुमति नहीं होगी और किसी भी संस्थान का औचक निरीक्षण किया जा सकता है। बैठक ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और समयबद्ध कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए ठोस दिशा-निर्देश दिए।
- उदयपुर स्वास्थ्य समितिCMHO Udaipurआरसीएचओडॉ अशोक आदित्यडॉ राकेश गुप्ताडॉ रागिनी अग्रवालपरिवार कल्याण कार्यक्रमटीकाकरण उदयपुरसंस्थागत प्रसवएएनसी पंजीकरणपिंक पखवाड़ानसबंदी केसपीपीआईयूसीडी सुधारबायो वेस्टस्वास्थ्य योजनाएं उदयपुरUdaipur health initiativesmaternal health Udaipurinstitutional delivery UdaipurANC registrationvaccination Udaipurfamily welfare UdaipurPink Fortnightsterilization caseshealthcare targetsbio-waste managementpublic health Udaipur

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
