लसाड़िया (सलूंबर)। लसाड़िया पुलिस थाना गुरुवार को एक भावनात्मक और यादगार क्षण का साक्षी बना, जब थानाधिकारी हर्षराज सिंह शक्तावत के स्थानांतरण पर उन्हें गरिमामय विदाई दी गई और नए थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक भरत सिंह राजपुरोहित का भव्य स्वागत किया गया। पूरे कार्यक्रम में पुलिस विभाग की परंपरा, अनुशासन और आपसी सौहार्द की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

जानकारी के अनुसार लसाड़िया थानाधिकारी हर्षराज सिंह शक्तावत का तबादला पुलिस चौकी गामडापाल पर होने के बाद थाना परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस थाना परिसर को उत्सव का रूप दिया गया। थानाधिकारी शक्तावत को माल्यार्पण कर साफा पहनाया गया, जिसके बाद उन्हें कुर्सी सहित उठाकर घोड़ी पर बैठाया गया। डीजे की धुन पर निकाली गई बिंदोली ने माहौल को भावुक और उल्लासपूर्ण बना दिया। पुलिसकर्मी डीजे की धुन पर नाचते हुए समारोह में शामिल हुए और अपने अधिकारी के प्रति सम्मान प्रकट किया।

अपने कार्यकाल के दौरान उपनिरीक्षक हर्षराज सिंह शक्तावत ने पोक्सो मामलों सहित कई अन्य गंभीर प्रकरणों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। उनके नेतृत्व में लसाड़िया थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा।

इसी दौरान ऋषभदेव से स्थानांतरित होकर आए पुलिस निरीक्षक भरत सिंह राजपुरोहित का विधिवत स्वागत किया गया। कार्यक्रम में पुलिस लाइन आरआई प्रवीण सिंह, गींगला थानाधिकारी धर्मेंद्र सिंह, कूण थानाधिकारी निलेश कुमार, लसाड़िया प्रशासक रुपलाल मीणा, पूर्व सरपंच खानुराम मीणा, भैरुलाल मीणा, प्रताप मीणा छोगाघाटी, सदर शराफत खान, युवा नेता शैलेश प्रजापत, भेरुलाल भट्ट, हैड कांस्टेबल इंद्र मल, किशन लाल, महेंद्र सिंह बडावली सहित थाना गींगला के पुलिसकर्मी, ग्रामीणजन और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

समारोह के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने निवर्तमान थानाधिकारी को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं और नए थानाधिकारी से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की अपेक्षा जताई। यह आयोजन न केवल एक प्रशासनिक परिवर्तन का प्रतीक रहा, बल्कि पुलिस और समाज के बीच मजबूत संबंधों को भी रेखांकित करता नजर आया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story