फतहनगर के प्रसिद्ध श्री द्वारकाधीश मंदिर में पवित्र श्रावण मास के उपलक्ष्य में चल रहे हिंडोलना मनोरथ उत्सव के तहत मंगलवार को ठाकुरजी को मनोहारी गुलाबी छटा में सजाया गया। आकर्षक गुलाबी हिंडोले पर विराजमान प्रभु श्री द्वारकाधीश के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

मनोरथ के तहत भगवान को गुलाबी रंग के लहरिया एवं बांधनी प्रिंट के वस्त्रों तथा गोटा-पट्टी से सुसज्जित भव्य हिंडोले में विराजित किया गया। प्रभु ने गुलाबी पोशाक धारण की, जबकि पीली एवं लाल पुष्प मालाओं से उनका आकर्षक श्रृंगार किया गया।

हिंडोले की पृष्ठभूमि में काले रंग के वस्त्र पर सुनहरी एवं चांदी की गायों की कतारबद्ध आकृतियों से की गई कलात्मक सजावट विशेष आकर्षण का केंद्र रही। हिंडोले के दोनों ओर गुलाबी एवं पीले परिधानों में सजी सखियों की प्रतिमाएं चंवर डुलाते हुए प्रभु की सेवा में लीन दिखाई दीं। पार्श्व में गुलाबी वस्त्रों से सुसज्जित स्तंभ तथा अग्रभाग में बिछी सुंदर कालीन पर रखी मोर एवं हाथी की धातु प्रतिमाओं ने मनोरथ की शोभा और बढ़ा दी।

मंदिर के पुजारी सत्यनारायण पालीवाल एवं कमल पालीवाल ने बताया कि श्रावण मास के दौरान प्रतिदिन प्रभु श्री द्वारकाधीश को विभिन्न भाव, रंग एवं प्राकृतिक वस्तुओं से तैयार अलग-अलग हिंडोलों में विराजित कर मनोरथ कराया जा रहा है। मंगलवार को गुलाबी छटा के मनोरथ में श्रद्धालुओं ने प्रभु के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।

संध्या आरती के दौरान मंदिर परिसर ‘जय श्री कृष्ण’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

Vikas Chawada (Udaipur)

Vikas Chawada (Udaipur)

नाम: विकास चावड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)

कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)

अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय

बीट और मुख्य विषय 

  • स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
  • राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
  • जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

हायर सेकेंडरी

Next Story