केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके का एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस), खेरवाड़ा आगमन पर विद्यालय परिवार द्वारा भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। इस विशेष अवसर पर राजस्थान सरकार के जनजातीय क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली, पूर्व विधायक नानालाल आहारी, भाजपा नेता पारस जैन तथा भाजपा ब्लॉक अध्यक्ष हेमन्त मेहता सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

विद्यालय परिसर पहुंचने पर सभी अतिथियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया। इस दौरान उपनिदेशक पदेन प्रभारी अधिकारी ओ.पी. मेहता, प्रबंधक शिवजी गौड़, उप-प्रबंधक एम.एल. गर्ग, स्टेट कोऑर्डिनेटर अपराजिता फाउंडेशन दिनेश व्यास तथा ईएमआरएस खेरवाड़ा के उप प्राचार्य आलोक शर्मा सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत सत्कार किया।

केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने विद्यालय परिसर का अवलोकन किया और शैक्षणिक गतिविधियों के साथ ही आवासीय व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके पश्चात उन्होंने विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। इसी दौरान मंत्री ने विद्यालय परिसर में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण भी किया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से निरंतर आगे बढ़ने, बेहतर करियर निर्माण करने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा अतिथियों का सम्मान किया गया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story