चौरासी थाना क्षेत्र के विरावाड़ा गांव में एक युवक का शव उसके घर के पास स्थित कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक पिछले तीन दिनों से लापता था। मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

चौरासी थाने के एएसआई के अनुसार, वीरावाड़ा निवासी सुभाष बरंडा ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि उसका बड़ा भाई मुकेश बरंडा पिछले कुछ समय से अपने ससुराल भीलवा पंचला और पैतृक गांव वीरावाड़ा के बीच आता-जाता रहता था। 24 अप्रैल को मुकेश अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

लापता होने के चौथे दिन मुकेश का शव उसके घर के पास स्थित एक कुएं में तैरता हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद शव को डूंगरपुर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

मृतक के भाई सुभाष ने पुलिस को दी गई अर्जी में संदेह व्यक्त करते हुए कहा है कि मुकेश के साथ पहले मारपीट की गई होगी, जिससे उसकी मौत हुई, या फिर उसे आत्महत्या के लिए उकसाया गया होगा। सुभाष ने पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना ने क्षेत्र में भय और सवाल दोनों खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब अब पुलिस जांच से ही सामने आएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story