डूंगरपुर: सुरपुर में कवि सम्मेलन, वागड़ी कविताओं और राष्ट्रभक्ति से सजे सुर
डूंगरपुर के सुरपुर में आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया, जिसमें मतदान की अपील भी की गई।

डूंगरपुर के सुरपुर में नवरात्रि महोत्सव के दौरान आयोजित कवि सम्मेलन में मंच से कविता पाठ करते कवि।
डूंगरपुर। नवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत सुरपुर में आयोजित कवि सम्मेलन में वागड़ के प्रसिद्ध कवियों ने अपनी वागड़ी कविताओं, हास्य-व्यंग्य और देशभक्ति से जुड़ी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कवियों की हर पंक्ति पर तालियों और वाहवाही की गूंज सुनाई दी। सियासी तंज पर श्रोताओं ने ठहाके लगाए, वहीं राष्ट्रभक्ति की रचनाओं के दौरान वंदेमातरम् के स्वर गूंज उठे। कवि सुनील पटेल ‘सन्नाटा’ ने अखंड भारत और सरदार पटेल के नेतृत्व पर आधारित कविता सुनाकर विशेष दाद बटोरी।
महादेव युवा मंडल एवं समस्त ग्रामवासी सुरपुर की ओर से आयोजित इस कवि सम्मेलन में सुरपुर के गणमान्य लोगों ने कवियों और अतिथियों का माल्यार्पण कर तथा उपरणा ओढ़ाकर सम्मान किया। कार्यक्रम में वागड़ के प्रसिद्ध कवियों ने विभिन्न विषयों पर अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं।
कार्यक्रम के संयोजक कवि सुनील पटेल ‘सन्नाटा’, नेजपुर ने संविधान और बाबा साहब पर आधारित पंक्तियां, “हर एक जन-गण-मन का सहज विधान लिखा, विश्व चकित हुआ बाबा साहब ने ऐसा संविधान लिखा” सुनाकर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं। उन्होंने मां के त्याग को रेखांकित करते हुए कहा, “गिनती नहीं सीखी ना हीं स्कूल जा सकी, दुनिया की हर गणित को मगर जानती थीं मां।” किसान वर्ग का ध्यान आकर्षित करते हुए उन्होंने अपनी रचना में कहा, “पसीना खेत में गिर कर के कह रहा है हमसे, न भूखा सो सके भारत यही सपना किसानों का।”
सुनील पटेल ने माता-पिता के महत्व को दर्शाते हुए “दौलत तो खूब सारी कमा लेंगे हम मगर मां बाप से बड़ी कोई दौलत नहीं होती” कविता सुनाई, जिस पर श्रोताओं ने खूब सराहना की। अखंड भारत की भावना को स्वर देते हुए उन्होंने कहा, “जरूरी हैं कि पूरे विश्व में अखंड भारत हों, हमी में से कोई एक दिन जरूर सरदार निकलेगा।” इस रचना के माध्यम से उन्होंने सरदार पटेल की नेतृत्व क्षमता को रेखांकित किया। वहीं, “हर एक जन गण के मन में क्रांति का सैलाब आया था, कविता थी तो पूरे देश में इंकलाब आया था” सुनाकर भी उन्होंने खूब दाद बटोरी।
श्रृंगार रस की प्रस्तुति से सुनील पटेल ने सम्मेलन का माहौल भी बदल दिया। उन्होंने “तुम्हारे लब हीं बोले दिल गवाही क्यूं नहीं देता, तुम्हें मेरे सिवा कुछ भी दिखाई क्यूं नहीं देता” सुनाकर श्रोताओं को श्रृंगार रस से सराबोर किया।
हास्य कवि गोपाल सेवक ने नारी सम्मान और सशक्तिकरण पर अपनी प्रतिनिधि रचना प्रस्तुत की। उन्होंने कहा, “नारी का हम सम्मान करते हैं मान करते हैं, नारी में नारायण निवास करते हैं।” उनकी प्रस्तुति को श्रोताओं ने सराहा।
प्रसिद्ध कवि छत्रपाल शिवाजी ने पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के महत्व पर आधारित रचना सुनाई। उन्होंने कहा, “अभी समय है जागो प्यारे, सेवारथ में मत भागो प्यारे। कुदरत को जो किया किनारे, समझो अपना जीवन हारे।” अपनी कविता में उन्होंने पानी और हवा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “बिन पानी जग सुन्न हुआ, बिना हवा सब छू मंतर। ज्वाल काल की धधक उठी, सिसक रहे धरती अम्बर।” उन्होंने प्रदूषण के दुष्प्रभावों पर भी ध्यान आकर्षित करते हुए कहा, “पंचतत्व जो हुए प्रदुषित, सांसों का सूरज ढलता है। पेड़ों से योवन खिलता है, पेड़ों में जीवन पलता है।”
कवि रोमिल पाटीदार ‘लाफ्टर’ ने बेटियों की गरिमा और सुरक्षा से जुड़ी कविता सुनाकर उपस्थित जनसमूह को बांधे रखा। उन्होंने कहा, “जो बेटियों की इज्जत से खेलें, उन्हें चौराहे पर फ़ासी होनी चाहिए।” उनकी प्रस्तुति के दौरान श्रोताओं की भागीदारी बनी रही।
कवि सुरेश सरगम ने राष्ट्रप्रेम और पारिवारिक मूल्यों को अपनी रचना का केंद्र बनाया। उन्होंने कहा, “पुत्र मोह को छोड़ पन्ना राष्ट्र प्रेम दिखलाती है। अरे यहां तो प्रेम मीरा के गीत और राधा के मीत है।” भगवान श्रीराम और शबरी के प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “वो मर्यादा पुरूषोतम श्री राम को देखो शबरी के झूठे बेरो में प्रेम उन्हें दिख जाता है।” श्रवण कुमार का नाम लेते हुए उन्होंने कहा, “लेकर श्रवण कुमार का नाम हर बच्चा बच्चा अपने मात पिता के चरणों में झुक जाता है।” इन पंक्तियों के माध्यम से उन्होंने प्रेम की पवित्रता को परिभाषित करते हुए राष्ट्रप्रेम को सर्वोपरि बताया।
कवि सम्मेलन के दौरान आगामी चुनाव में मतदान करने की अपील भी की गई। नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित हास्य-व्यंग्य के इस कार्यक्रम में कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मनोरंजन करने के साथ लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश दिया।
कवि सुनील पटेल ‘सन्नाटा’, नेजपुर ने अपनी हास्य-व्यंग्य प्रस्तुतियों के बीच मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक मतदाता का वोट महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से बिना किसी दबाव, लालच या भेदभाव के अपने विवेक से मतदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “एक-एक वोट लोकतंत्र की ताकत है, इसलिए मतदान के दिन घर से निकलकर अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें।”
कार्यक्रम के दौरान महादेव युवा मंडल के सदस्यों ने कहा कि साहित्य हमारे देश का गौरव है और देश की आजादी में कवियों का भी योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि हर भारतीय को सनातनी होने पर गर्व है। देश का मजबूत नेतृत्व विश्व पटल पर भारत की अमिट छवि को रेखांकित करेगा। उन्होंने संगठन की शक्ति पर जोर देते हुए समाजहित और राष्ट्रहित की भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
कवि सम्मेलन का सफल संचालन संयोजक कवि सुनील पटेल ‘सन्नाटा’, नेजपुर ने किया। कार्यक्रम के अंत में भूपेंद्र पाटीदार ने आभार जताया। सम्मेलन में कई गांवों से आए सैकड़ों काव्य रसिक श्रोता उपस्थित रहे। वागड़ी साहित्य, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सरोकारों और मतदान के महत्व से जुड़ी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विविध विषयों से जोड़ा।

Dharnendra Jain( Kherwara)
नाम: धरणेन्द्र जैन
वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)
कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें
अनुभव: 30 वर्ष से अधिक
परिचय
धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:
- वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
- उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
- वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
