डूंगरपुर: मस्तान शाह बाबा की याद में बांटे परिंडे और कपड़े की थैलियां
एमएमबी ग्रुप ने सुभाष नगर में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था की और पर्यावरण संरक्षण हेतु प्लास्टिक मुक्त समाज का संदेश देते हुए थैलियां वितरित कीं।

डूंगरपुर (प्रात:काल संवाददाता)। सेवा और कौमी एकता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए एमएमबी ग्रुप डूंगरपुर द्वारा सुभाष नगर क्षेत्र में कौमी एकता के प्रतीक हज़रत किबला मस्तान शाह बाबा की पावन स्मृति में भव्य सेवा कार्य आयोजित किए गए। भीषण गर्मी के दौर में बेजुबान पक्षियों के संरक्षण हेतु समूह द्वारा विभिन्न स्थानों पर परिंडे बांधकर उनमें दाना-पानी की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इसके साथ ही, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता अभियान को गति देने के उद्देश्य से आमजन को कपड़े की थैलियों का नि:शुल्क वितरण कर प्लास्टिक मुक्त समाज का संदेश दिया गया।
ग्रुप के सदर नूर मोहम्मद मकरानी ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि संस्था मस्तान बाबा की याद में निरंतर जनहितैषी गतिविधियों का संचालन करती आ रही है। मानवीय संवेदनाओं को सर्वोपरि रखते हुए संस्था द्वारा समय-समय पर राशन वितरण, रक्तदान शिविर, सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, निर्धन बच्चों को स्टेशनरी उपलब्ध कराना तथा शीत ऋतु में कंबल वितरण जैसे पुनीत कार्य नियमित रूप से किए जाते हैं। ग्रीष्मकाल के दौरान पक्षियों की प्यास बुझाने हेतु परिंडे लगाना और उनकी देखभाल करना समूह की विशेष प्राथमिकता में शामिल है।
आयोजन के दौरान पूर्व पार्षद सुनील चौबीसा ने एमएमबी ग्रुप के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2007 से मानव सेवा के क्षेत्र में सक्रिय यह संस्था न केवल डूंगरपुर बल्कि पूरे संभाग में सेवा का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। कार्यक्रम में संदीप सेठिया, इमरान मुल्तानी, सोनू दर्जी, कैलाश चौबीसा, रफीक मोहम्मद, विक्रांत चौबीसा, गटुलाल पंचाल, ईश्वरलाल गर्ग, जयेश पंचाल, चंद्रिका पटेल, जशोदा पंचाल सहित सुभाष नगर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन विक्रांत चौबीसा द्वारा किया गया, जबकि अंत में जयेश पंचाल ने उपस्थित सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन समाज में समरसता और जीव दया के प्रति एक सशक्त चेतना जागृत करने में सफल रहा है।

