डूंगरपुर में निर्माणाधीन मकान की छत से गिरकर मजदूर की मौत
डूंगरपुर के पातेला क्षेत्र में रेती के तसले चढ़ाते समय पैर फिसलने से हुआ हादसा, 58 वर्षीय गौतम रोत के सिर में आई गंभीर चोट, पुलिस जांच में जुटी।

डूंगरपुर शहर में निर्माणाधीन मकान पर मजदूरी के दौरान एक दर्दनाक हादसे में श्रमिक की मौत हो गई। काम करते समय अचानक पैर फिसलने से श्रमिक छत से नीचे गिर गया। हादसे के बाद साथी मजदूर उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली थाने के हेड़ कानि के अनुसार मृतक की पहचान सरकण कोपचा माली फला आसेला निवासी 58 वर्षीय गौतम रोत पुत्र रूपाजी रोत के रूप में हुई है। गौतम रोत गांव के ही मगला पुत्र जीवा रोत और रमेश मनात के साथ मजदूरी करता था। सोमवार को भी वह रोज की तरह मजदूरी करने डूंगरपुर शहर आया था।
तीनों मजदूर शहर में अरबाज खान निवासी अंबामाता मंदिर के पास पातेला क्षेत्र स्थित एक निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहे थे। मकान निर्माण के दौरान मजदूर रेती से भरे तसले ऊपर चढ़ाकर खाली कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गौतम रोत का पैर फिसल गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के तुरंत बाद साथी मजदूरों और आसपास मौजूद लोगों ने गौतम रोत को डूंगरपुर के जनरल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है। निर्माण कार्य के दौरान हुई इस घटना ने श्रमिक सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
