डूंगरपुर। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जय हिंद सर्जिकल हॉस्पीटल, खेरवाड़ा में जीवन ज्योति सेवा संस्थान एवं जीवन ज्योति हॉस्पिटल, डूंगरपुर के संयुक्त तत्वावधान में सभी प्रकार के स्त्री रोगों के लिए नि:शुल्क चिकित्सा एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लगभग 26 महिलाओं ने चिकित्सा सेवाओं और विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठाया।

शिविर के दौरान डिलीवरी, गर्भावस्था संबंधी समस्याएं, अनियंत्रित मासिक माहवारी, बच्चेदानी के ऑपरेशन, स्तन की गांठ, सभी प्रकार के स्त्री रोगों एवं नि:संतानता से जुड़ी समस्याओं पर महिला मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श दिया गया। साथ ही दवाइयों का नि:शुल्क वितरण किया गया। शिविर में महिलाओं के ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच भी की गई तथा सोनोग्राफी सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई।

जीवन ज्योति सेवा संस्थान के अध्यक्ष जिनेंद्र गुप्ता ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के नि:शुल्क चिकित्सा शिविरों के माध्यम से महिलाओं और गर्भस्थ शिशुओं के स्वास्थ्य की विशेष देखभाल सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था का लक्ष्य डूंगरपुर जिले में कुपोषण की समस्या को कम करना और गर्भस्थ शिशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए लगातार कार्य करना है। स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

ग्रामीण अंचलों में आयोजित इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर महिलाओं के लिए राहत साबित हो रहे हैं, जहां उन्हें विशेषज्ञ उपचार, जांच और परामर्श सेवाएं एक ही स्थान पर नि:शुल्क उपलब्ध हो रही हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story