डूंगरपुर में कांग्रेस कार्यकारिणी का पदभार ग्रहण समारोह, विधायक गणेश घोघरा ने भाजपा और बीएपी को घेरा
डूंगरपुर जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित समारोह में नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान किया गया, विधायक घोघरा ने बिजली, पानी और शिक्षा के मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा।

जिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का पदभार ग्रहण एवं सम्मान समारोह सोमवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में नई कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान संगठन को मजबूत करने और धरातल पर सक्रिय होकर कांग्रेस के लिए काम करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में डूंगरपुर से जिलाध्यक्ष एवं विधायक गणेश घोघरा ने कहा कि सभी कार्यकर्ता मिलकर कांग्रेस को मजबूत करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि अब संगठन गांव-गांव और धरातल पर जाकर कांग्रेस के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगा। घोघरा ने कहा कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र के लोग क्षेत्रीय पार्टी के बहकावे में आ गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय पार्टी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह बड़े-बड़े सपने दिखाए, लेकिन विकास के नाम पर कोई ठोस काम नहीं हुआ।
विधायक घोघरा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के दावों के बावजूद जनता बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं हो रहा है, जबकि बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। गांवों में दिन और रात दोनों समय बिजली कटौती से आमजन परेशान हैं।
उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। घोघरा ने कहा कि स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है और कई स्कूल भवन जर्जर हालत में पहुंच चुके हैं। बच्चों को पेड़ों के नीचे और टेंट में बैठकर पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब समझ चुकी है कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।
क्षेत्रीय पार्टी और बीएपी पर हमला बोलते हुए घोघरा ने कहा कि जनता अब उन नेताओं को भी परख चुकी है, जिन्होंने विकास के बड़े दावे किए थे, लेकिन क्षेत्र के लिए कोई उल्लेखनीय काम नहीं कराया। उन्होंने दावा किया कि आगामी पंचायतीराज चुनावों में कांग्रेस मजबूती के साथ जीत दर्ज करेगी और जनता फिर से कांग्रेस पर भरोसा जताएगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
