डूंगरपुर। जिला कलक्टर देशलदान ने सोमवार को उपखंड क्षेत्र आसपुर के सघन दौरे पर रहकर विभिन्न विकास परियोजनाओं का धरातलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधानमंत्री सिंचाई परियोजना 2.0 के अंतर्गत एनआरएम मद से ग्राम पंचायत काठडी, खेड़ा सामोर तथा वसुंधर छोटी में नवनिर्मित एनीकट कार्यों का जायजा लिया। ग्राम पंचायत काठडी में कलक्टर ने दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद पैदल चलकर एनीकट स्थल का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री सिंचाई परियोजना 2.0 के तहत प्रगतिरत कार्यों, पूर्ण हो चुके ढांचों तथा एनीकटों की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष बचे हुए कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

सिंचाई परियोजनाओं के पश्चात जिला कलक्टर ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के अधीन संचालित विभिन्न पेयजल परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सोम कमला आंबा बांध पर विभाग द्वारा निर्मित वाटर पंप और फिल्टर प्लांट का अवलोकन कर प्लांट की शोधन क्षमता तथा तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। तत्पश्चात, कलक्टर ने आसपुर की खोती बस्ती पहुंचकर आमजन से आत्मीयता पूर्वक सीधा संवाद किया और पेयजल की उपलब्धता को लेकर फीडबैक लिया। संवाद के दौरान एक स्थानीय महिला ने समय पर पानी की आपूर्ति होने की पुष्टि की, वहीं कुछ निवासियों ने नए नल कनेक्शन न होने की समस्या से अवगत कराया। इस पर जिला कलक्टर देशलदान ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल नियमानुसार समाधान कर पेयजल उपलब्ध करवाने के कड़े निर्देश दिए। इस अवसर पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता गोपीचंद वर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story