ग्रामीण सेवा शिविर में 22 विभाग पहुंचे गांव, सैकड़ों समस्याओं का मौके पर समाधान
उदयपुर जिले की बड़ला ग्राम पंचायत में उपखंड अधिकारी जय सिंह के निर्देशन में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 22 विभागों ने मिलकर सैकड़ों ग्रामीणों को मौके पर ही राहत पहुंचाई।

डूंगरपुर की बड़ला ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर अपनी समस्याओं का समाधान करवाने के लिए पहुंचे ग्रामीण और उपस्थित अधिकारी।
ग्राम पंचायत बड़ला में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और समाधान का केंद्र बनकर उभरा, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनकर अनेक मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। उपखंड अधिकारी जय सिंह के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में ब्लॉक स्तर के 22 विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे और ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
शिविर में ग्रामीणों ने राजस्व, पंचायत, स्वास्थ्य, कृषि तथा अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं और मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्राप्त प्रकरणों में कई मामलों का तत्काल समाधान किया गया, जबकि आवश्यक प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में तहसीलदार रेवत राम, विकास अधिकारी एवं नोडल प्रभारी मदनलाल लोहार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण मीणा, सरपंच टीना मीणा, सहायक कृषि अधिकारी सूरजमल मनात, ग्राम विकास अधिकारी बनवारीलाल मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर का अवलोकन पूर्व विधायक नानालाल अहारी, पूर्व प्रधान अमृत लाल डामोर, पूर्व उप प्रधान हलूराम डामोर तथा भाजपा नेता पारस जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी किया। इस दौरान नानालाल अहारी ने ग्रामीणों से अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शिविरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
प्रातः 9:30 बजे से सायं 5 बजे तक चले इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर के दौरान 10 नामांतरण, 4 पथरावड़ी/पक्कीकरण, 20 मूल निवास प्रमाण पत्र, एक रजिस्ट्री भूमि आवंटन तथा 500 जॉब कार्ड संबंधी कार्य संपादित किए गए। इसके अलावा 5 शौचालय गड्ढों की स्वीकृति प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 163 लोगों की ब्लड प्रेशर एवं शुगर जांच, 59 लोगों की ओरल, ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर जांच, 9 बच्चों का टीकाकरण तथा 60 लोगों की टीबी जांच की गई। वहीं 19 मंगला पशु बीमा और 28 आयुर्वेद परामर्श संबंधी सेवाएं भी प्रदान की गईं।
नोडल प्रभारी एवं पंचायत समिति के विकास अधिकारी मदनलाल लोहार ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान 15 जुलाई तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा, जिससे ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही विभिन्न विभागों की सेवाएं और समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
