राजसमंद: उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी करेंगी करोड़ों के विकास कार्यों का उद्घाटन
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी खमनोर और रेलमगरा में सड़क, स्कूल और मंडी परियोजनाओं की सौगात देंगी, उनके साथ सांसद महिमा कुमारी और विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ रहेंगे।

राजसमन्द (प्रातःकाल संवाददाता)। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी मंगलवार, 5 मई को राजसमंद जिले के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगी, जहाँ वे नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खमनोर एवं रेलमगरा मंडलों में विकास की नई इबारत लिखेंगी। इस गरिमामयी प्रवास के दौरान उनके साथ राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ एवं नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ भी विशिष्ट रूप से उपस्थित रहेंगे। ये तीनों प्रमुख जनप्रतिनिधि क्षेत्र की विभिन्न महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास एवं लोकार्पण करने के साथ ही विशाल आमसभाओं को संबोधित कर जनता से सीधा संवाद करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के विवरण के अनुसार, उपमुख्यमंत्री के दौरे का आगाज खमनोर मंडल से होगा, जहाँ शाम 4 बजे पीएमश्री विद्यालय गांवगुड़ा में भव्य कार्यक्रम एवं आमसभा आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर पीएमश्री विद्यालय गांवगुड़ा के नवनिर्मित भवन का विधिवत उद्घाटन संपन्न होगा। इसके साथ ही, सांसद मद से निर्मित खमनोर से सेमल तक की महत्वपूर्ण सड़क का लोकार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के अन्य विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण करने के साथ-साथ नॉन पेचेबल सड़कों के सुदृढ़ीकरण कार्यों का भी लोकार्पण सुनिश्चित किया गया है।
तदुपरांत, शाम 6.30 बजे उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ और विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ के साथ रेलमगरा मंडल पहुंचेंगी। यहाँ गौण मंडी परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में विकास की बड़ी सौगातें प्रदान की जाएंगी। रेलमगरा में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से तैयार गौण मंडी का उद्घाटन, करीब 12 करोड़ रुपये की लागत वाली रेलमगरा से बनेडिया सड़क का लोकार्पण तथा लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत वाले अटल गौरव पथ का शिलान्यास किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र की सड़कों के कायाकल्प हेतु लगभग 2.5 करोड़ रुपये की नॉन पेचेबल सड़कों का भी उद्घाटन होगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, निष्ठावान कार्यकर्ता एवं भारी संख्या में क्षेत्रवासी साक्षी बनेंगे। आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में उपमुख्यमंत्री का यह दौरा राजसमंद के सर्वांगीण विकास की गति को नई ऊंचाई प्रदान करने वाला सिद्ध होगा।

