चार साल से बंद दिव्यांग पेंशन, 31 वर्षीय जीवन लाल के परिवार ने लगाई सरकारी मदद की गुहार
खेरवाड़ा के भगोरपाड़ा सुलाई निवासी दिव्यांग जीवन लाल की चार साल से बंद पेंशन को लेकर परिवार ने प्रशासन से सहायता की गुहार लगाई है।

तस्वीर में सुलाई गांव के रहने वाले 31 वर्षीय दिव्यांग जीवन लाल एक चारपाई पर बैठे हुए नजर आ रहे हैं।
खेरवाड़ा तहसील क्षेत्र के ग्राम भगोरपाड़ा सुलाई निवासी 31 वर्षीय दिव्यांग जीवन लाल पुत्र भीमचंद भगोरा वर्ष 2022 से दिव्यांग पेंशन से वंचित है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार ने प्रशासन से बंद पेंशन पुनः शुरू कराने और पात्रता के अनुसार अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है।
परिजनों के अनुसार जीवन लाल को विशेष पेंशन महाअभियान-2013 के तहत जुलाई 2013 में पीपीओ क्रमांक 450 जारी किया गया था। इसके तहत उसे प्रतिमाह 500 रुपये दिव्यांग पेंशन मिलती थी, जिसे बाद में सरकार द्वारा बढ़ाकर प्रतिमाह 750 रुपये कर दिया गया। वर्ष 2022 के बाद अचानक उसकी पेंशन बंद हो गई, जिसके बाद परिवार को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जीवन लाल के पिता भीमचंद भगोरा ने बताया कि उनके तीन पुत्र हैं। इनमें से दो पुत्र अहमदाबाद में मजदूरी कर अलग रह रहे हैं और समय-समय पर आर्थिक सहायता भेजते हैं। इसी सहायता के सहारे पांच सदस्यीय परिवार का किसी तरह भरण-पोषण हो रहा है। उन्होंने बताया कि शिक्षा के अभाव और सरकारी प्रक्रियाओं की जानकारी नहीं होने के कारण परिवार प्रशासन द्वारा आयोजित शिविरों तक भी नहीं पहुंच सका, जिससे पेंशन दोबारा शुरू कराने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई।
ग्रामीणों के अनुसार परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। ऐसे में दिव्यांग पेंशन बंद होने से उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जीवन लाल की दिव्यांग पेंशन जल्द बहाल की जाए तथा परिवार को पात्रता के अनुसार विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
सारोली निवासी सामाजिक कार्यकर्ता भीखा लाल पटेल ने भी प्रशासन एवं राज्य सरकार से आग्रह किया है कि मामले को संवेदनशीलता से लेते हुए दिव्यांग की पेंशन पुनः प्रारंभ कराई जाए और परिवार को आवश्यक सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
