उदयपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जारी मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान उदयपुर में गुरुवार को प्रशासनिक सक्रियता अपने चरम पर दिखी। संभागीय आयुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रज्ञा केवलरमानी ने स्वयं फील्ड में उतरकर पुलां और शोभागपुरा क्षेत्र के मतदाताओं से संवाद किया तथा एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयुक्त केवलरमानी ने मतदाताओं के घर जाकर उन्हें गणना प्रपत्र के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और प्रत्येक नाम सही रूप से दर्ज किया जाए। इस दौरान उन्होंने बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और संबंधित अधिकारियों को कहा कि अभियान के हर चरण में पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोपरि रखी जाए।

निरीक्षण के दौरान बड़गांव तहसीलदार हितेश त्रिवेदी और संबंधित बीएलओ भी साथ मौजूद रहे। आयुक्त ने मौके पर उपस्थित मतदाताओं से प्रत्यक्ष फीडबैक लिया और यह सुनिश्चित किया कि गणना प्रपत्र सही ढंग से वितरित और भरा जा रहा है। वहीं, जिले के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी निर्वाचन अधिकारियों द्वारा अभियान की सतत मॉनीटरिंग की जा रही है।

झाड़ोल क्षेत्र में ईआरओ कपिल कोठारी ने कंथारिया और कोचला पंचायत में गणना प्रपत्र वितरण की प्रक्रिया का निरीक्षण किया और बीएलओ तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्य की प्रगति का मूल्यांकन किया।

मतदाता सूची पुनरीक्षण की यह पहल न केवल लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बना रही है, बल्कि नागरिकों में मतदान अधिकार के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना भी बढ़ा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story