ऋषभदेव में हरियाली अमावस्या पर महिला मेला संपन्न, तिरंगे के साथ गूंजे देशभक्ति गीत
ऋषभदेव में हरियाली अमावस्या पर महिला मेला 2026 हर्षोल्लास से संपन्न हुआ, जहां 379 महिलाओं ने भाग लिया और तिरंगे संग देशभक्ति का रंग दिखा।

तस्वीर में गुरुकुल परिसर के कार्यक्रम में महिलाएं हाथ में तिरंगा झंडा थामे देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देती नजर आ रही हैं।
ऋषभदेव दिगंबर जैन महिला मंडल की ओर से गुरुकुल परिसर में हरियाली अमावस्या के अवसर पर आयोजित महिला मेला 2026 का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ। मेले में महिलाओं ने विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले का मुख्य आकर्षण देशभक्ति गीतों पर महिलाओं की सामूहिक प्रस्तुति रही, जिसने स्वतंत्रता दिवस से पूर्व परिसर में देशभक्ति का माहौल बना दिया।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि उदयपुर की समाजसेविका अलका कोठारी ने कहा कि समाज का विकास महिलाओं के सशक्तिकरण से संभव है। उन्होंने महिलाओं से घर से बाहर निकलकर डिजिटल युग के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। समारोह की अध्यक्ष लीलावती किकावत रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में किरण वानावत, भारती शाह, लक्ष्मी भंवरा एवं पुष्पा तेजियोत उपस्थित रहीं।
समाज के अध्यक्ष भूपेंद्र कुमार जैन ने कहा कि नारी प्रकृति की सर्वोत्तम कृति है। वह सृष्टि की निर्माता तथा मानव सभ्यता एवं संस्कृति की जननी है।
महिला मंडल की महामंत्री मंजू भंवरा ने बताया कि महिला मेले में 379 महिलाओं ने भाग लिया। मेले के प्रमुख संयोजक प्रशांत जैन ने अपने जाने-माने अंदाज में विभिन्न रोचक खेल गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं का भरपूर मनोरंजन करवाया।
मेले के दौरान ‘मां तुझे सलाम’ और ‘तेरा हिमालय आकाश छू ले’ गीतों पर कई महिलाओं ने एक साथ झूमते हुए तिरंगे झंडे के साथ प्रस्तुति दी। इससे स्वतंत्रता दिवस से पूर्व मेले में देशभक्ति का माहौल नजर आया।
मंडल की अध्यक्ष महालक्ष्मी पंचोली ने बताया कि मेले में ‘नारी है तो मुमकिन है’ टैगलाइन के साथ रील बनाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता में स्नेहा जैन ने प्रथम, सोनाली जैन ने द्वितीय और रेशमा गांधी ने पुरस्कार प्राप्त किया। अभिलाषा जैन को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में नगर सेठ राजमल कोठारी, समाज के अध्यक्ष भूपेंद्र कुमार जैन, महामंत्री प्रदीप जैन, गुरुकुल ट्रस्ट के महामंत्री सुंदरलाल भाणावत, नव युवक मंडल के अध्यक्ष अंकित भाणावत, महामंत्री तरुण शीशपुरिया सहित कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
इससे पूर्व मंडल की अध्यक्ष महालक्ष्मी पंचोली एवं महामंत्री मंजू भंवरा ने अतिथियों को पगड़ी पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। मेले के समापन पर विभिन्न गतिविधियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।

Dharnendra Jain( Kherwara)
नाम: धरणेन्द्र जैन
वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)
कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें
अनुभव: 30 वर्ष से अधिक
परिचय
धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:
- वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
- उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
- वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
