डाइट उदयपुर में जिला अनुसंधान समूह का त्रिदिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न, 39 संभागियों ने लिया भाग
डाइट उदयपुर में 20 से 22 अगस्त तक जिला अनुसंधान समूह (DRG) का त्रिदिवसीय प्रशिक्षण आयोजित हुआ। डाइट प्राचार्य श्रीमती शीला कालिया की अध्यक्षता में 39 संभागियों ने शोध प्रक्रिया, सर्वे, विद्यालयी समस्याओं एवं विभिन्न शोध विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त किया।

तस्वीर में उदयपुर के डाइट सभागार में जिला अनुसंधान समूह के त्रिदिवसीय प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित संभागी और अधिकारी नजर आ रहे हैं।
उदयपुर। राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, उदयपुर के वार्षिक पंचांग 2026-27 के अनुसार जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) उदयपुर में जिला अनुसंधान समूह (DRG) का त्रिदिवसीय प्रशिक्षण 20 से 22 अगस्त तक आयोजित किया गया। प्रशिक्षण की अध्यक्षता डाइट प्राचार्य श्रीमती शीला कालिया ने की। इस दौरान सेवारत प्रभागाध्यक्ष श्रीमती गायत्री जोशी, एसआरजी कल्पेश जैन एवं डॉ. कल्पना सुथार का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
शोधकर्ता सुरेश कुमार देशबंधु ने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए विद्यालय स्तर पर संचालित शैक्षिक गतिविधियों, समस्याओं एवं नवाचारों का व्यवस्थित अध्ययन आवश्यक माना गया है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए जिला शोध समूह (DRG) प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस कार्यक्रम की शुरुआत पंजीयन, प्रार्थना सभा एवं परिचय सत्र से हुई। डाइट प्राचार्य श्रीमती शीला कालिया ने संभागियों को DRG कार्यक्रम के महत्व एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। सेवारत प्रभागाध्यक्ष श्रीमती गायत्री जोशी तथा एसआरजी कल्पेश जैन एवं डॉ. कल्पना सुथार ने सर्वे एवं शोध प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।
एसआरजी कल्पेश जैन ने शोध प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी देते हुए शोध की प्रस्तावना, औचित्य, शोध प्रश्न, शोध शीर्षक, उद्देश्य, परिकल्पना, पारिभाषिक शब्दावली, शोध परिसीमा, शोध विधि एवं प्रविधि, शोध उपकरण, शोध सांख्यिकी, दत्त विश्लेषण, निष्कर्ष, सुझाव, संदर्भ साहित्य एवं परिशिष्ट आदि बिंदुओं पर प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान शोधकर्ताओं ने विद्यालयों में सामने आने वाली विभिन्न समस्याओं को शोध विषय के रूप में चयनित किया। इनमें विद्यार्थियों की अनियमित उपस्थिति, असामाजिक एवं अवांछित व्यवहार में परिवर्तन, गणित विषय में संख्याओं की पहचान में कठिनाई, प्रार्थना सभा में अभिव्यक्ति न कर पाना, कक्षा से अनुपस्थित रहना, खेलों के प्रति अरुचि, पठन कौशल का अभाव, गणवेश में विद्यालय नहीं आना, पुस्तकालय के प्रति अरुचि, विद्यालय में अनियमितता, ड्रॉपआउट, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति उदासीनता आदि विषय शामिल रहे।
प्रशिक्षण में ममता जैन, सुरेश कुमार देशबंधु, धनवंतरी रानी, पूजा सहारण, विपुल सालवी, नरेंद्र कुमार सालवी सहित करीब 39 संभागी उपस्थित रहे। त्रिदिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यालय स्तर की शैक्षिक समस्याओं एवं शोध प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
