कलाल समाज चुनाव में धूलेश्वर कलाल का जलवा बरकरार, लगातार चौथी बार दर्ज की ऐतिहासिक जीत
खेरवाड़ा के कनबई क्षेत्र में मोड मेवाड़ा कलाल समाज के चुनाव में धूलेश्वर कलाल ने 107 वोटों के बड़े अंतर से लगातार चौथी बार जीत दर्ज की। लोकतांत्रिक मुकाबले में समाज ने किस नेतृत्व पर फिर जताया भरोसा, जानिए पूरी खबर।

कनबई में आयोजित मोड मेवाड़ा कलाल समाज के चुनाव में विजय प्राप्त करने के बाद गले में माला पहने नवनिर्वाचित अध्यक्ष धूलेश्वर कलाल (दाएं) और उनके समर्थक।
मोड मेवाड़ा कलाल समाज कनबई क्षेत्र के 10 गांवों के समाज चुनाव में एक बार फिर धूलेश्वर कलाल का प्रभाव कायम रहा। वर्षों से समाज सेवा और संगठनात्मक नेतृत्व के कारण पहचान बना चुके धूलेश्वर कलाल ने लोकतांत्रिक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार चौथी बार विजय हासिल कर इतिहास रच दिया।
कनबई में आयोजित चुनाव प्रक्रिया समाज द्वारा नियुक्त पांच सदस्यीय चुनाव आयोग की निगरानी में संपन्न हुई। चुनाव से पूर्व सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया तथा निर्धारित नियमों के अनुसार नामांकन प्रक्रिया पूरी कराई गई। जांच के बाद दो उम्मीदवार चुनाव मैदान में रहे, जिनमें धूलेश्वर पुत्र कमलचंद कलाल तथा प्रकाश पुत्र तुलसीरामजी कलाल शामिल थे।
दोपहर 2 बजे मतदान शुरू हुआ, जिसमें युवाओं, बुजुर्गों और समाज के विभिन्न वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शाम 5 बजे मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू की गई। कुल 332 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना में धूलेश्वर कलाल को 216 वोट प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी प्रकाश कलाल को 109 मत मिले। सात मत निरस्त घोषित किए गए। इस प्रकार धूलेश्वर कलाल ने 107 मतों के बड़े अंतर से विजय प्राप्त करते हुए लगातार चौथी बार समाज का विश्वास हासिल किया।
विजय की घोषणा के बाद चुनाव आयोग ने धूलेश्वर कलाल को प्रमाण-पत्र प्रदान किया और आगामी चार वर्षों तक समाज सेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प दिलाया। धूलेश्वर कलाल पंचायत, राजनीति, सहकारिता तथा सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं और लगातार चुनावी सफलताओं के माध्यम से क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर चुके हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खेरवाड़ा इकाई प्रमुख प्रकाश कलाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में एडवोकेट हेमंत कुमार, नारायणलाल एवं कपिल देव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गहरीलाल कलाल ने किया। इस अवसर पर कनबई, डबायचा, भोमटावाड़ा, पाटिया, झंझरी, बलीचा, सरेरा, छानी सहित विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
विजय के बाद धूलेश्वर कलाल ने कहा कि समाज ने उन्हें लगातार 12 वर्षों के बाद अब चार वर्ष और सेवा का अवसर दिया है। उन्होंने समाज में व्यापक सुधार और एकजुटता को मजबूत करने के लिए कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। वहीं प्रकाश कलाल ने समाज की प्रतिष्ठा बढ़ाने को सबसे बड़ी समाज सेवा बताया। कार्यक्रम में सरेरा निवासी तथा अहमदाबाद से पधारी लक्ष्मी देवी ने समाज के विकास में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में गहरीलाल कलाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया तथा हेमंत कुमार ने आभार व्यक्त किया। यह चुनाव न केवल समाज की लोकतांत्रिक परंपराओं का उदाहरण बना, बल्कि समाज के भीतर नेतृत्व के प्रति विश्वास और सहभागिता को भी मजबूत करने वाला साबित हुआ।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
