धरियावद हत्याकांड: शादी समारोह में विवाद के बाद किशोर की हत्या, आरोपियों के घर फूंके
झाड़ोली पंचायत के पाटला बावड़ी गांव में आपसी कहासुनी के बाद नाथूलाल मीणा की चाकू मारकर हत्या, पुलिस बल तैनात।

धरियावद (प्रात:काल संवाददाता)। धरियावद उपखंड क्षेत्र के पारसोला थाना अंतर्गत झाड़ोली पंचायत के पाटला बावड़ी गांव में बीती रात्रि एक शादी समारोह के दौरान उपजा मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आपसी कहासुनी के बाद कुछ किशोरों ने पाटला बावड़ी निवासी 18 वर्षीय नाथूलाल मीणा पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस जघन्य हत्याकांड से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और आक्रोशित मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने सोमवार को आरोपी लड़कों के घरों को आग के हवाले कर दिया। आगजनी की इस घटना में कई घरों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिसके बाद पूरे गांव में हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए।
घटनाक्रम के अनुसार, रविवार रात्रि को गांव में शादी नूत का कार्यक्रम आयोजित था। मृतक के बड़े भाई हरीश द्वारा दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान नाथूलाल की कुछ लड़कों के साथ कहासुनी हो गई थी। समारोह के पश्चात जब नाथूलाल अपने भाई के साथ घर लौट रहा था, तभी रास्ते में घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन्हें रोक लिया और नाथूलाल पर चाकुओं से हमला कर दिया। लहूलुहान अवस्था में उसे तुरंत धरियावद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया।
सोमवार को युवक की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीण उग्र हो गए और आरोपियों के घरों में आग लगा दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप अधीक्षक नानालाल सालवी और सीआई हजारीलाल मीणा के नेतृत्व में भारी पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा। अग्निशामक वाहनों और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। माहौल बिगड़ता देख धरियावद, पारसोला, देवगढ़ थाने सहित जिला पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल तैनात किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने भी धरियावद पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
दोपहर बाद पुलिस की कड़ी निगरानी और परिजनों की मौजूदगी में धरियावद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर नाथूलाल के शव का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार करवाया गया। पुलिस ने मृतक के भाई हरीश की रिपोर्ट पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है। पुलिस द्वारा अलग-अलग टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है और इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया गया है। वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है, किंतु एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात है।

