धरियावद में ई-मित्र और आधार केंद्रों पर बड़ी कार्रवाई, नियमों के उल्लंघन पर लगा जुर्माना
ए.सी.पी. अभिषेक मीणा के नेतृत्व में टीम ने किया औचक निरीक्षण, ग्रामीण क्षेत्र के कियोस्क शहर में चलते मिले, ओवरचार्जिंग पर दी सख्त चेतावनी।

धरियावद (प्रात:काल संवाददाता)। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग ने धरियावद क्षेत्र में ई-मित्र कियोस्क और आधार केंद्रों के विरुद्ध सख्त रुख अख्तियार करते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग के जिला ए.सी.पी. अभिषेक मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने सोमवार को धरियावद के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में संचालित ई-मित्र कियोस्क एवं आधार केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस आकस्मिक जांच अभियान से कियोस्क संचालकों में हड़कंप मच गया। टीम द्वारा कुल 05 ई-मित्र कियोस्क की सघन जांच की गई, जिनमें 03 शहरी क्षेत्र और 02 ग्रामीण क्षेत्र से संबंधित थे।
निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितता उजागर हुई, जिसमें ग्रामीण क्षेत्र के लिए अधिकृत दो ई-मित्र कियोस्क अपने निर्धारित स्थान के बजाय अवैध रूप से शहरी क्षेत्र में बैठकर कार्य कर रहे थे। विभाग ने कार्यक्षेत्र के इस उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए दोषी कियोस्क संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार पेनल्टी और शास्ति अधिरोपित की। इसके पश्चात टीम ने आधार केंद्रों का अवलोकन किया और संचालकों को नवीन दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने तथा निर्धारित मानकों के अनुसार सेटअप बनाए रखने हेतु पाबंद किया। ए.सी.पी. अभिषेक मीणा ने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि आधार सेवाओं में किसी भी प्रकार की ओवरचार्जिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने सभी संचालकों को सख्त चेतावनी दी कि वे विभागीय नियमों और सरकार के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। नियमों के उल्लंघन की पुनरावृत्ति होने पर भविष्य में कियोस्क को स्थाई रूप से बंद करने जैसी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण दल में ब्लॉक प्रोग्रामर मोहित मीणा एवं सूचना सहायक प्रवीण सिंह दहिया भी उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरी प्रक्रिया का सूक्ष्म निरीक्षण किया। यह कार्रवाई क्षेत्र में डिजिटल सेवाओं की पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक प्रभावी कदम मानी जा रही है।

