लसाड़िया ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धमानिया खालसा में महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती पर आज खास आयोजन किया गया। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के तत्वावधान और बासुदेव कनोरिया सेवा संस्थान के वित्तीय सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण बच्चों को गणित की बुनियादी अवधारणाओं से रोचक और व्यावहारिक तरीके से परिचित कराना था।

विद्यालय परिसर में आयोजित गणित मेले का शुभारंभ स्थानीय सरपंच एवं पीईओ चौथमल द्वारा माँ सरस्वती के पूजन के साथ किया गया। मेले में बच्चों और ग्रामीणों के लिए 15 विशेष स्टॉल लगाए गए, जिनमें ज्यामिति, अंकगणित और पहेलियों पर आधारित विभिन्न खेल और गतिविधियाँ शामिल थीं। "मुझे आपकी उम्र पता है", "एटीएम से पैसे निकालो", "निशान लगाओ, इनाम जीतो" जैसी रोचक प्रतियोगिताओं ने बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को आनंदमय और प्रेरणादायक बना दिया।

मेले में उत्साही भागीदारी के साथ विजेताओं को आकर्षक और मजेदार इनाम भी वितरित किए गए। ब्लॉक टीम लीडर कमल नागर ने बताया कि प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, बासुदेव कनोरिया सेवा संस्थान के सहयोग से लसाड़िया ब्लॉक के 35 विद्यालयों में शिक्षा सुधार हेतु सक्रिय है। यह संस्था विद्यालय और समुदाय स्तर पर बच्चों की शैक्षणिक क्षमताओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

कार्यक्रम में सरपंच देवलीबाई मीना, उपसरपंच सुरेश कुमार मीणा, विद्यालय के सभी अध्यापकगण, बासुदेव कनोरिया सेवा संस्थान से भरत खोखर तथा प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन से कमल नागर, नरेश मेघवाल, डालचंद पालीवाल, भूपेंद्र मेघवाल और देवीलाल मीणा उपस्थित रहे। बच्चों, अभिभावकों, माताओं और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और भी प्रभावशाली और यादगार बना दिया।

इस आयोजन ने न केवल बच्चों में गणित के प्रति रुचि बढ़ाई, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा और सीखने की प्रक्रिया को रोचक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story