देवास में संसदीय संकुल विकास परियोजना के तहत मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण आयोजित
राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद परिसर में तीन गांवों के 40 किसानों को विशेषज्ञों ने मशरूम की खेती, रखरखाव और विपणन के गुर सिखाए।

देवास के राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद छात्रावास में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के दौरान किसानों को मशरूम उत्पादन की प्रयोगात्मक जानकारी देते विशेषज्ञ।
संसदीय संकुल विकास परियोजना के अंतर्गत दिनांक 10 मार्च 2026 को देवास संकुल के तीन गांवों के 40 किसानों का चयन कर मशरूम फसल के उत्पादन एवं रखरखाव विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद के देवास छात्रावास परिसर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां भगवती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।
विशेषज्ञों द्वारा मशरूम उत्पादन की बारीकियों का मार्गदर्शन
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. नारायणलाल मीणा ने किसानों को मशरूम उत्पादन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। "उन्होंने बताया कि मशरूम की खेती किस मौसम में की जाती है, इसके लिए उपयुक्त तापमान कितना होना चाहिए, इसे किस प्रकार के स्थान पर लगाया जा सकता है तथा इसके विपणन की प्रक्रिया क्या है।" प्रशिक्षण के दौरान लैब सहायक अविनाश नागदा तथा किशनसिंह ने किसानों को बीज तैयार करने, उसे मिश्रित करने तथा फसल के रखरखाव की प्रयोगात्मक जानकारी भी दी।
सामग्री वितरण एवं गणमान्य जन की उपस्थिति
कार्यक्रम के अंत में सभी किसानों को कृषि कार्य में उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर देवास पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि कालूलाल, जनजाति समाज जिला अध्यक्ष मोटाराम, देवास संकुल समिति उपाध्यक्ष वगतराम, संकुल प्रभारी ओमप्रकाश गुर्जर, विद्यालय आचार्य शंभूलाल, सेवक मांगीलाल, ग्राम प्रमुख मनालाल तथा केशुलाल सहित कई ग्रामीणजन उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में देवास पंचायत के आकोदड़ा, नांदवेल तथा देवास गांवों से कुल 40 किसानों ने भाग लिया

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
