उदयपुर, 29 नवम्बर। मावली के पूर्व विधायक धर्मनारायण जोशी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर मावली के राजकीय महाविद्यालय का नामकरण प्रतिष्ठित लोकसंत बावजी चतुरसिंह के नाम पर करने की मांग की है। जोशी ने पत्र में कहा कि यह कदम न केवल एक पावन स्मरण होगा, बल्कि मावली और मेवाड़ की सांस्कृतिक व आध्यात्मिक धरोहर को भी समृद्ध करेगा।

पूर्व विधायक जोशी ने पत्र में उल्लेख किया कि बावजी चतुरसिंह ने मेवाड़ भूमि पर आध्यात्म और ज्ञान का अद्वितीय प्रवाह स्थापित किया। उन्होंने चतुर चिंतामणि, अलख पच्चीसी, चतुर प्रकाश, अम्बिकाष्टक, सांख्यकारिका, तत्व समास, शेष चरित, हनुमत्पंचक और तू ही अष्टक सहित 21 से अधिक कालजयी ग्रंथों की रचना की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने चन्द्रशेखर स्त्रोत का संस्कृत से मेवाड़ी में अनुवाद कर क्षेत्रीय साहित्य एवं ज्ञान के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

जोशी ने यह भी बताया कि बावजी चतुरसिंह के दो साधना स्थल—नऊआ और हवा मगरी—वर्तमान में मावली विधानसभा क्षेत्र में आते हैं। उनके अनुसार, महाविद्यालय का नामकरण लोकसंत के प्रति भावनात्मक श्रद्धांजलि और समाज में उनकी शिक्षाओं की स्मृति को बनाए रखने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा।

पूर्व विधायक ने पत्र की प्रति उपमुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद सी. पी. जोशी तथा भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली को भी भेजी है। इस पहल से महाविद्यालय को न केवल एक पहचान मिलेगी, बल्कि मावली क्षेत्र में शिक्षा और सांस्कृतिक जागरूकता को भी बढ़ावा मिलेगा।

बावजी चतुरसिंह के नाम पर महाविद्यालय का नामकरण, क्षेत्रीय इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को सम्मानित करने का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आगामी पीढ़ियों को उनकी शिक्षाओं और योगदान से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।

Bhupesh Prajapat (Udaipur)

Bhupesh Prajapat (Udaipur)

नाम: भूपेश प्रजापत

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: मावली (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति और क्राइम (अपराध)

परिचय 

भूपेश प्रजापत मावली क्षेत्र के ग्राउंड रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय राजनीति और आपराधिक मामलों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही वह क्षेत्र की जन समस्याओं, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक स्तर पर भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों व उनकी जांच पर नियमित रूप से समाचार कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

भूपेश प्रजापत शैक्षणिक रूप से स्नातक (Graduate) हैं।

Next Story