खेरोदा, 30 नवंबर। वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख कस्बों में शामिल खेरोदा में वर्षों से खाली पड़े पुराने अस्पताल भवन को पुनः आयुर्वेदिक सेवाओं के लिए इस्तेमाल करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ रही है। ग्रामीण विकास परिषद खेरोदा ने इस संबंध में वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर राजकीय आयुर्वेदिक प्राकृतिक पंचकर्म चिकित्सालय की स्थापना की मांग रखी है।

परिषद के अध्यक्ष वैद्य रामेश्वर लाल जनवा और सचिव सोहन लाल पाराशर ने बताया कि कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए राज्य सरकार द्वारा नया भवन निर्मित होने के बाद पुराने अस्पताल परिसर को खाली कर दिया गया था। यह भवन मूल रूप से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के रूप में ही निर्मित हुआ था, जिसे प्रशासनिक परिस्थितियों में बाद में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में परिवर्तित कर दिया गया। अब इसके दोबारा आयुर्वेद विभाग को सौंपे जाने की आवाज उठ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि खेरोदा, जिसकी आबादी लगभग दस हजार है, वल्लभनगर विधानसभा का चौथा बड़ा कस्बा है और क्षेत्रीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां रेलवे स्टेशन, एसबीआई एवं आईसीआईसीआई बैंक, उप तहसील कार्यालय, सहायक अभियंता (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी एवं वाणिज्यिक संस्थान संचालित हैं। कस्बा सिक्स-लेन हाईवे से मात्र चार किलोमीटर दूर और उदयपुर-धरियावद-प्रतापगढ़ मार्ग पर स्थित होने के कारण आसपास के गांवों का प्रमुख केंद्र भी है।

परिषद का तर्क है कि यदि पुराने भवन में जिला स्तरीय पंचकर्म चिकित्सालय प्रारंभ किया जाता है तो लगभग दस किलोमीटर की परिधि में रहने वाले ग्रामीणों को आयुर्वेदिक एवं प्राकृतिक चिकित्सा की सेवाएं नजदीक ही उपलब्ध हो जाएंगी। इससे न केवल आयुष सेवाओं को मजबूती मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय स्वास्थ्य ढांचे में भी महत्वपूर्ण सुधार होगा।

ग्रामीण विकास परिषद ने सरकार से आग्रह किया है कि आयुर्वेद एवं आयुष विभागों के मध्य समन्वय स्थापित कर पुराने भवन को पुनः उपयोग में लेते हुए खेरोदा सहित आसपास की जनता को आयुर्वेदिक पंचकर्म चिकित्सा का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story