बावलवाड़ा, 31 अगस्त। विधायक डॉ. दयाराम परमार ने कहा कि राजनीति में ईमानदार होना आवश्यक है। उन्होंने कांग्रेस पंचायत इकाई के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथ को मजबूत करने तथा आगामी पंचायती राज चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए सक्रियता से जुटने का आह्वान किया।

डॉ. परमार रविवार को उपखण्ड खेरवाड़ा की उपतहसील बावलवाड़ा के कांग्रेस मंडल नवाघरा की ग्राम पंचायत मगरा, ढिकवास, कानपुर, कातरवास, भीलान बरोठी एवं नवाघरा में बूथ स्तर तक कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने तथा पंचायत चुनाव से पूर्व पार्टी कार्यकर्ताओं से संपर्क करने के लिए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर नवाघरा मंडल द्वारा आयोजित बैठकों में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।



उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के निर्देश और राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आदेशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, कांग्रेस मंडल कमेटी, पंचायत इकाई कांग्रेस कमेटी एवं बूथ कमेटी का गठन किया गया है। इन कमेटियों को सक्रिय होकर पार्टी को मजबूत करना है। पंचायत चुनाव में वार्ड पंच से लेकर जिला परिषद सदस्य तक कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की है।

डॉ. परमार ने कहा कि ग्राम पंचायत का सरपंच ऐसा चुना जाना चाहिए जो ईमानदार हो। ईमानदार व्यक्ति ही पंचायत क्षेत्र का विकास कर सकता है।

उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार गरीबों की विरोधी है। यह पूंजीपतियों और उद्योगपतियों की पार्टी है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों से महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र खेरवाड़ा में राज्य की भाजपा सरकार के तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन एक भी विकास कार्य नहीं करवाया गया है। कई विद्यालयों के भवन जर्जर हो रहे हैं। अधिकतर उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य और विषय अध्यापकों के पद खाली पड़े हुए हैं।

डॉ. परमार ने आगामी पंचायती राज चुनाव में वार्ड पंच से लेकर जिला परिषद सदस्य तक कांग्रेस पार्टी को वोट देकर विजयी बनाने का आग्रह किया।

इससे पूर्व ग्राम पंचायत मगरा, ढिकवास, कानपुर, कातरवास, भीलान बरोठी एवं नवाघरा में पंचायत इकाई अध्यक्ष शंकर लाल बोदर, कानपुर में लालू राम खराड़ी, कातरवास में शंकर लाल डोडियार, भीलान बरोठी में शंभु सिंह गरासिया एवं नवाघरा में पुष्पा भगोरा ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पंचायत इकाई से लेकर बूथ स्तर तक के पदाधिकारियों को उनकी-अपनी जिम्मेदारी दे दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वार्ड पंच से लेकर जिला परिषद सदस्य तक कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों को जिताया जाएगा।

बैठकों में मुख्य अतिथि डॉ. दयाराम परमार रहे। अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश मीणा ने की। पूर्व अधीक्षण अभियंता (विद्युत) हीरालाल सालवी, देहात जिला कांग्रेस महिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान पुष्पा मीणा, पूर्व उप प्रधान सुन्दरलाल अहारी तथा मंडल अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह गरासिया विशिष्ट अतिथि रहे।

विशिष्ट अतिथि सुन्दरलाल अहारी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। कांग्रेस विचारधारा वाले सरपंच एवं वार्ड पंच को जिताकर कांग्रेस के पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों को विजयी बनाना है, ताकि पंचायत समिति और जिला परिषद में कांग्रेस पार्टी के बोर्ड का गठन हो सके।

बैठक को पूर्व प्रधान पुष्पा मीणा, हीरालाल सालवी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अजमालसिंह चौहान, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खेरवाड़ा के उपाध्यक्ष शान्ति लाल कसोटा, पंचायत इकाई संगठन महासचिव अल्पेश बोदर, पंचायत इकाई अध्यक्ष कल्याण सिंह गरासिया, पूर्व पटवारी लक्ष्मी लाल खोखरीया एवं हीरालाल बोदर ने भी संबोधित किया।

बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खेरवाड़ा के संगठन महासचिव प्रदीप कुमार भणात, महासचिव राकेश जैन, मगरा सरपंच उर्मिला देवी बोदर, ढिकवास सरपंच प्रेमिला कसोटा, अश्विन पंचाल कानपुर, कालु जाबला सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। बैठकों का संचालन गोरी शंकर बोदर और मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गरासिया ने किया। अंत में दिनेश मीणा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Dharnendra Jain( Kherwara)

Dharnendra Jain( Kherwara)

नाम: धरणेन्द्र जैन

वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)

कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें

अनुभव: 30 वर्ष से अधिक

परिचय 

धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:

  • वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
  • उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
  • वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story