भारतीय जनता पार्टी की नीति और नियत आदिवासियों के खिलाफ : डॉ. परमार
खेरवाड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में डॉ. दयाराम परमार ने भाजपा पर आदिवासियों के खिलाफ नीति अपनाने का आरोप लगाया। मानगढ़ धाम, शिक्षा और आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर नेताओं ने अपनी बात रखी।

तस्वीर में खेरवाड़ा में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान मंच पर खड़े होकर संबोधित करते हुए नेता नजर आ रहे हैं और सामने बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बैठे हैं।
खेरवाड़ा (प्रातः काल संवाददाता)। विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. दयाराम परमार ने पंचायत समिति स्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी पर आदिवासियों के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा विधानसभा में स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूलों से आदिवासी प्रिंसिपलों तथा अन्य विभागों से आदिवासियों का स्थानांतरण कर आदिवासियों का भला नहीं चाहती है। साथ ही, वह आदिवासी बच्चों को गुणात्मक शिक्षा से वंचित करना चाहती है।
डॉ. परमार ने कहा कि मानगढ़ धाम, जहां 1913 में 1500 आदिवासी शहीद हुए थे, उस आदिवासी स्थल को राष्ट्रीय स्मारक के लिए उपयुक्त नहीं माना जाता है। उन्होंने कहा कि इससे साफ जाहिर होता है कि भारतीय जनता पार्टी आम गरीब और आदिवासियों के खिलाफ है। उन्होंने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिलकर आने वाले पंचायती राज चुनाव में आदिवासी विरोधी ताकतों का डटकर मुकाबला करने की बात कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मंडल कांग्रेस कमेटी भूधर के अध्यक्ष हीरालाल मीणा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विचार तथा उनके सिद्धांतों को जोर-जबरदस्ती से दबाना चाहती है, जो ठीक नहीं है।
मंडल कांग्रेस कमेटी धूलेव के अध्यक्ष अमरचंद कलासुआ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अशोक गहलोत की सरकार की जनहितैषी योजनाओं को बंद कर केवल धर्म और जाति की राजनीति कर रही है, जो हमारे समाज और हमारे लिए ठीक नहीं है।
पूर्व सभापति ऋषभदेव मनीष मीणा ने आम जनता के हित के लिए फिर से पंचायती राज में कांग्रेस पार्टी का परचम लहराने की बात कही। सरपंच संघ के अध्यक्ष हजाराम मीणा ने कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं से पंचायत स्तर पर जाकर कांग्रेस पार्टी की योजनाओं के प्रचार-प्रसार की बात कही।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयप्रकाश जैन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास त्याग और बलिदान का है और बीजेपी को अंग्रेजों की गुलाम करने वाली पार्टी बताया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ऋषभदेव के अध्यक्ष रूपलाल मीणा ने आगे के कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा सभी को एकजुट होकर कांग्रेस पार्टी को फिर से स्थापित करने की बात कही।
कार्यक्रम को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महामंत्री चेतन लाल मीणा, देहात जिला ओबीसी प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष कांतिलाल कलाल, पूर्व प्रधान केसर देवी मीणा, पूर्व प्रधान शंकर लाल मीणा और पूर्व सरपंच हजारीमल मीणा ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में महामंत्री शांतिलाल मीणा, ललित कुमार मीणा, जिला सचिव नरेश कुमार मीणा, ब्लॉक सेवादल अध्यक्ष मुकेश कुमार जैन, सरपंच चंपालाल मीना गदावत, भेरूलाल मीणा गड़ावन, बद्री लाल मीणा जलपका, सरपंच शांतिलाल मीणा कोजावाड़ा, सरपंच अनिता देवी मीणा, धोलेश्वर मीणा, सूरज महाराज, अशोक मीणा, अशोक जैन, दशरथ कुमार मीणा, सविता देवी मीणा, हीरालाल मीणा, लैंप उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह मीणा, मोहनलाल थाना, दिनेश कुमार सागवाड़ा, पूर्व सरपंच हजारीमल मीणा, पूर्व उपसरपंच रामलाल मीणा, मोहनलाल मीणा, दुला मीणा, संग्राम सिंह मीणा, अर्जुन लाल मीणा, राजेश मीणा, राजू मीणा, अंकुश जैन, भवनेश, नरेश मेघवाल, चंपालाल मीणा, गोपाल मीणा, भारत लाल मीणा आदि उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ऋषभदेव के महामंत्री नरेंद्र कुमार जैन ने किया। अंत में पीयूष जैन ने धन्यवाद ज्ञापित किया। पंचायत समिति स्तरीय इस सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर संगठन को एकजुट करने तथा पंचायत स्तर तक पार्टी की योजनाओं और विचारों को पहुंचाने पर जोर दिया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
