साइबर ठगी से बचाव: उदयपुर पुलिस ने फ्री गिफ्ट ऑफर के खिलाफ जारी की एडवाइजरी
सोशल मीडिया पर फ्री आईफोन और महंगे गिफ्ट के लालच में हो रही कॉल फॉरवर्डिंग ठगी को लेकर पुलिस ने सतर्कता बरतने की अपील की।

साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए उदयपुर पुलिस ने आमजन और अभिभावकों को सतर्क रहने के लिए एडवाइजरी जारी की।
फ्री आईफोन और महंगे गिफ्ट जीतने का लालच बच्चों और युवाओं को साइबर ठगी के जाल में फंसा रहा है। सोशल मीडिया पर मशहूर इन्फ्लुएंसर्स के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर साइबर ठग बच्चों से संपर्क कर रहे हैं और उनके मोबाइल की कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय कराकर व्हाट्सऐप अकाउंट हैक कर रहे हैं। इसके बाद परिवार के लोगों को आपातकाल का हवाला देकर पैसों की मांग की जा रही है। इस तरह की साइबर ठगी को लेकर पुलिस ने आमजन और अभिभावकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है।
उदयपुर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अमृता दुहन के निर्देशन में जिले के खेरवाड़ा, पहाड़ा, बावलवाड़ा एवं पाटिया थाना अधिकारियों ने साइबर ठगी के प्रति सतर्कता बरतने के लिए जन-जागरूकता अपील जारी की है। पुलिस ने बच्चों और युवाओं को फ्री आईफोन, महंगे गिफ्ट और कैश प्राइज जीतने के फर्जी ऑफर से सावधान रहने की चेतावनी दी है।
पुलिस के अनुसार, साइबर ठग सोशल मीडिया पर मशहूर इन्फ्लुएंसर्स के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर बच्चों से संपर्क करते हैं। इसके बाद उन्हें फ्री आईफोन, महंगे गिफ्ट या कैश प्राइज जीतने का लालच देकर अपने झांसे में लेते हैं। ठग बच्चों से उनके मोबाइल पर कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय करवा लेते हैं, जिससे उनका अकाउंट हैक कर लिया जाता है।
व्हाट्सऐप अकाउंट हैक करने के बाद साइबर ठग उसी अकाउंट का इस्तेमाल कर परिवार के लोगों को आपातकाल की स्थिति बताकर पैसों की मांग करते हैं। परिचित व्यक्ति के अकाउंट से संदेश आने के कारण लोग धोखे में आ सकते हैं और ठगी का शिकार हो सकते हैं।
पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के फ्री या महंगे गिफ्ट के लालच में न आएं और फर्जी ऑफर पर भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध कोड को डायल न करें तथा अपना ओटीपी और निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
अभिभावकों से भी आग्रह किया गया है कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों और चैट पर नियमित निगरानी रखें, ताकि उन्हें इस तरह के ऑनलाइन धोखाधड़ी के जाल से बचाया जा सके।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी का व्हाट्सऐप अकाउंट हैक हो जाता है या वह साइबर ठगी का शिकार बनता है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं। यह हेल्पलाइन 24x7 निःशुल्क उपलब्ध है। पुलिस ने आमजन से जागरूक रहने, सुरक्षित रहने और सतर्कता बरतने की अपील की है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
