डूंगरपुर। राजस्थान की पथमेड़ा गौशाला से जुड़ी गौ सेवा समिति के प्रदेश संरक्षक पूज्य जगदीश गोपाल महाराज और श्रद्धा गोपाल सरस्वती माही दीदी द्वारा संचालित गौ-सम्मान आहवान अभियान यात्रा 24 नवंबर, सोमवार को डूंगरपुर पहुंचेगी। यह यात्रा भारत के विभिन्न जिलों से गुजरते हुए गौ माता के संरक्षण और सम्मान को लेकर संदेश देने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

इस अवसर पर ब्रह्मस्थली कॉलोनी में सोमवार को राजस्थान गौ सेवा समिति के विनोद कुमार पंचाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में डूंगरपुर के प्रमुख गौ-भक्त रंजीत कुमार जैन, श्री राघव शरणम् संस्थान के प्रवीण श्रीमाल, जीवनधर जैन, संजय जैन सहित अन्य भक्त उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य यात्रा के स्वागत और जिले के सनातनी समाज को इस कार्यक्रम से जोड़ने के साथ ही आयोजन की रूपरेखा निर्धारित करना था।

गौ-सम्मान आहवान अभियान का मुख्य उद्देश्य भारत सरकार से गौ माता को राष्ट्र माता के रूप में मान्यता दिलाना, गौ वध पर रोक लगवाना, नंदी शालाओं की स्थापना एवं वर्तमान गौ शालाओं को सरकारी अनुदान प्रदान करवाना है। अभियान के तहत विभिन्न जिलों में कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को गौ जागृति और संरक्षण के महत्व से अवगत कराया जा रहा है।

इस बैठक में उपस्थित सभी गौ-भक्तों ने महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया और यात्रा के दौरान जिले में व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम से स्थानीय समाज में गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story