उदयपुर: कंज्यूमर प्रोटेक्शन ऑर्गेनाइजेशन ने पद्मश्री कैलाश 'मानव' से की शिष्टाचार भेंट
नारायण सेवा संस्थान के संस्थापक से मुलाकात के दौरान सेवा कार्यों और नर सेवा-नारायण सेवा के दर्शन पर चर्चा की गई।

उदयपुर। मानवीय संवेदनाओं और सेवाभावी कार्यों के प्रतीक नारायण सेवा संस्थान के संस्थापक पद्मश्री कैलाश 'मानव' के साथ कंज्यूमर प्रोटेक्शन ऑर्गेनाइजेशन के पदाधिकारियों ने एक विशेष शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्षा डॉ. राजश्री गाँधी ने पद्मश्री कैलाश 'मानव' के बहुआयामी व्यक्तित्व एवं सेवा कार्यों के कृतित्व पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कहा कि 'मानव सेवा ही सच्ची सेवा है'। डॉ. गाँधी ने संस्थान द्वारा वैश्विक स्तर पर दिव्यांगजन के लिए संचालित नि:शुल्क चिकित्सा शिविरों, सफल ऑपरेशन, कृत्रिम अंग वितरण एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे अभूतपूर्व कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान का सेवा प्रकल्प संपूर्ण मानवता के लिए एक अनुकरणीय मिसाल है।
संवादात्मक सत्र के दौरान पद्मश्री कैलाश 'मानव' ने 'नर सेवा नारायण सेवा' के गूढ़ दर्शन पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि जिसने निस्वार्थ भाव को अपना धर्म बना लिया, उसे ईश्वर को कहीं और तलाशने की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि ईश्वर स्वयं ही उसे तलाश लेते हैं। पद्मश्री ने कंज्यूमर प्रोटेक्शन ऑर्गेनाइजेशन द्वारा किए जा रहे जनहितैषी एवं सेवा कार्यों की भी मुक्त कंठ से प्रशंसा की। कार्यक्रम के दौरान संगठन की ओर से पद्मश्री कैलाश 'मानव' को सम्मान पत्र एवं उपरना भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। इस गौरवपूर्ण भेंट के अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय समन्वयक शिरीष नाथ माथुर, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत झा, जिला अध्यक्ष प्रवीण नाहर, कोषाध्यक्ष संतोष शाक्य एवं जिला संयोजक सुरेश पालीवाल सहित कुलदीप सिंह, गोविंद सिंह, लोकेश और तनसुख उपस्थित रहे। यह मुलाकात सेवा के प्रति प्रतिबद्धता और सामाजिक उत्तरदायित्व को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई।

