डूंगरपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपने दो दिवसीय आधिकारिक दौरे के तहत 21 एवं 22 मई को डूंगरपुर जिले के प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा प्रशासनिक तंत्र की कसावट और सीधे जनता से संवाद के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 21 मई को सायं 3.30 बजे डूंगरपुर कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। यहां उनका मुख्य कार्य जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक लेना होगा। कलेक्ट्रेट सभागार में सायं 3.30 बजे से 5.30 बजे तक चलने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्री जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की गहन समीक्षा करेंगे। इसके पश्चात, सायं 5.30 बजे से 6 बजे तक नगर परिषद के ऑडिटोरियम में उनका नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां वे स्वच्छता का संदेश भी देंगे।

सायं 6 बजे कार्यक्रम स्थल से प्रस्थान कर मुख्यमंत्री 6.45 बजे चौरासी विधानसभा क्षेत्र के धम्बोला पहुंचेंगे। यहां राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सायं 6.45 बजे से रात्रि 9.15 बजे तक ग्राम विकास चौपाल का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से वे सीधे ग्रामीण जनता की समस्याओं से रूबरू होंगे। मुख्यमंत्री धम्बोला में ही रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन, 22 मई की सुबह 6 बजे मुख्यमंत्री भ्रमण पर रहेंगे और स्थानीय गतिविधियों का जायजा लेंगे। अपनी यात्रा के अंतिम चरण में, वे प्रात: 9.10 बजे धम्बोला स्थित हैलीपेड से उदयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

मुख्यमंत्री का यह दौरा जिले के विकास कार्यों को गति देने और धरातलीय समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दृष्टिकोण से अत्यंत प्रभावशाली साबित होने की संभावना है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story