चित्तौड़गढ़: मधुबन कॉलोनी में दिनदहाड़े घर में लाखों की चोरी
जिला चिकित्सालय के लेखाकार के घर घुसे चोरों ने लाखों के जेवरात और नकदी पार की, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी।

चित्तौड़गढ़ (प्रात:काल संवाददाता)। शहर के पॉश इलाके में शुमार और जनप्रतिनिधियों के आवासों वाली कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए चोरों ने दिनदहाड़े एक सूने मकान को अपना निशाना बनाया। इस वारदात में लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पार कर दिए गए, जिससे स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है।
घटना सदर थाना क्षेत्र के मधुबन इलाके की है। मधुबन निवासी चेतन, जो जिला चिकित्सालय में लेखाकार के पद पर कार्यरत हैं, मंगलवार को अपनी ड्यूटी पर गए हुए थे। उनके मकान में रहने वाले किराएदार उमेश भी उसी चिकित्सालय में कार्यरत हैं और वे भी ड्यूटी पर थे। घर के अन्य सदस्य भी किसी कार्यवश बाहर गए हुए थे, जिससे पूरा परिसर खाली था। इसी सूनेपन का फायदा उठाते हुए चोरों ने दीवार फांदकर परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद मुख्य गेट और कमरों के ताले तोड़कर घर के भीतर रखे कीमती जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
वारदात का पता तब चला जब किराएदार उमेश काम निपटाकर वापस घर पहुंचे। उन्होंने घर की बिखरी हुई स्थिति देखकर तुरंत सदर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश तेज कर दी है। घटना के बाद से क्षेत्र के रहवासियों में असुरक्षा की भावना देखी जा रही है, क्योंकि शहर के सांसद और विधायक की कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

