चित्तौड़गढ़: विश्व हास्य दिवस पर विधायक आक्या की मौजूदगी में योग शिविर आयोजित
शहीद हेमु कालानी पार्क में आयोजित शिविर में सिंधी समाज सहित विभिन्न संगठनों ने फिटनेस, प्राणायाम और हास्य योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली का संदेश दिया।

चित्तौड़गढ़। विश्व हास्य दिवस के उपलक्ष्य में प्रताप नगर स्थित शहीद हेमु कालानी पार्क में एक भव्य हास्य योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य हंसी, योग और फिटनेस के माध्यम से जनमानस को स्वस्थ जीवन शैली के प्रति जागरूक करना था। पूज्य सिंधी पंचायत विकास समिति, झुलेलाल युवा सेवा समिति, महावीर इंटरनेशनल चित्तौडगढ़ एवं आनंदमय योगा रिसर्च फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। रविवार सुबह आयोजित इस शिविर में सिंधी समाज सहित अन्य समाजों के प्रबुद्ध नागरिकों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर की शुरुआत में हास्य योग प्रशिक्षक श्याम सुंदर वंगानी ने अपनी विशिष्ट विधाओं से उपस्थित जनसमूह को आनंद विभोर कर दिया, वहीं आनंदमय योग संस्थान के योग प्रशिक्षक शरद निगम ने प्रतिभागियों को नाड़ी शोधन एवं भ्रामरी प्राणायाम जैसी महत्वपूर्ण योग क्रियाओं का गहन अभ्यास कराया। शारीरिक सौष्ठव और गतिशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फिटनेस कोच गुरप्रीत कौर ने जुंबा डांस के माध्यम से योग की आधुनिक विधाओं की जानकारी साझा की। कार्यक्रम के दौरान झुलेलाल युवा सेवा समिति और महावीर इंटरनेशनल द्वारा मुख्य अतिथि विधायक आक्या सहित विशिष्ट अतिथि डॉ. गौतम कुमार कुकड़ा, डॉ. ए एल जैन एवं डॉ. मधुप बक्षी का उपरना ओढ़ाकर भावभीना स्वागत व अभिनंदन किया गया।
समिति अध्यक्ष जेकी आहूजा एवं उपाध्यक्ष रवि मालानी ने बताया कि आयोजन का मुख्य केंद्र बिंदु समुदाय को मानसिक और शारीरिक रूप से सुदृढ़ बनाना था। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को स्वास्थ्यवर्धक जूस एवं अंकुरित अल्पाहार वितरित किया गया। इस सफल आयोजन का प्रभावी संचालन शंकर वंगानी एवं कमल चंचलानी ने किया। इस गरिमामयी अवसर पर पूज्य सिंधी पंचायत अध्यक्ष योगेश भोजवानी, राजेश तुलसानी, कपिल मलानी, अभय संचेती, उद्धवदास रोगानी, दिलीप वंगानी, हरीश गुरनानी, घनश्याम वंगानी, मनोज देवानी, दीपक जेठलिया, जीतू वासवानी, डॉ. हेमलता बक्षी, दीक्षा वंगानी, विनिया वंगानी, राधिका मैठानी और कोमल आहूजा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य जागरूकता का माध्यम बना, बल्कि सामाजिक एकजुटता का भी अनूठा उदाहरण पेश कर गया।

