प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना से मावली-वल्लभनगर को विकास की बड़ी सौगात, 34 करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत
प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना के तहत मावली और वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 34 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। शिक्षा, सड़क, पेयजल और खेल सुविधाओं को लेकर क्षेत्र में बड़े बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है।

चित्तौड़गढ़ से सांसद सी.पी. जोशी, जिनकी अनुशंसा पर मावली और वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्रों में शिक्षा, सड़क और पेयजल परियोजनाओं के लिए लगभग 34 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है।
चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र के उदयपुर जिले की मावली और वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्रों को आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास के लिए बड़ी सौगात मिली है। प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना (डीएमएफटी) के तहत चित्तौड़गढ़ सांसद सी.पी. जोशी की अनुशंसा पर लगभग 34 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन स्वीकृतियों से क्षेत्र में शिक्षा, सड़क, पेयजल, खेल और सार्वजनिक सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
विकास कार्यों की स्वीकृति के बाद सांसद सी.पी. जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से मावली और वल्लभनगर क्षेत्र के विद्यालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सड़क निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों से आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित बनेगा।
स्वीकृत कार्यों में बड़ी संख्या में विद्यालयों में नए कक्षा-कक्षों का निर्माण, चारदीवारी, डोम, विज्ञान प्रयोगशालाओं और आधुनिक पुस्तकालयों की स्थापना शामिल है। इसके अतिरिक्त कई ग्राम पंचायतों में पेयजल उपलब्धता बढ़ाने के लिए ओपन वेल, पाइपलाइन और जलापूर्ति संबंधी कार्यों को भी मंजूरी दी गई है। युवाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर खेल स्टेडियमों, खेल मैदानों के विकास और आवश्यक खेल अवसंरचना निर्माण को भी योजना में शामिल किया गया है।
मावली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बड़गांव, मावली और गिर्वा पंचायत समितियों सहित मावली, फतहनगर और सनवाड़ नगरपालिकाओं में विद्यालयों के लिए कक्षा-कक्ष, खेल मैदान, रिकॉर्ड रूम, बालिका पुस्तकालय, पेयजल परियोजनाएं और सड़क निर्माण जैसे अनेक कार्य स्वीकृत किए गए हैं। वहीं वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के कुराबड़, भींडर और वल्लभनगर पंचायत समितियों के साथ कानोड़, भींडर और वल्लभनगर नगरपालिकाओं में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और सड़क अवसंरचना से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को मंजूरी मिली है।
योजना के तहत कई प्रमुख सड़क परियोजनाओं को भी स्वीकृति दी गई है, जिनमें ग्रामीण संपर्क मार्गों का चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण शामिल है। इसके अलावा विभिन्न विद्यालय परिसरों में खेल सुविधाओं और आधारभूत संरचनाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों तथा युवाओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
करीब 34 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत ये विकास कार्य मावली और वल्लभनगर क्षेत्र में शिक्षा, पेयजल, खेल और आधारभूत सुविधाओं को नई दिशा देने वाले साबित होंगे। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा समग्र विकास की प्रक्रिया को नई गति मिलेगी।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
