कोतवाली क्षेत्र में महिला से 2 तोला सोने का मंगलसूत्र लूटा, बाइक सवार बदमाश फरार
हाउसिंग बोर्ड निवासी महिला पति और बच्चों के साथ टहलने निकली थी, सदर थाना सर्किल के पास वारदात के बाद पुलिस ने की नाकेबंदी।

शहर में महिलाओं की सुरक्षा को चुनौती देती एक और चेन स्नेचिंग की वारदात रविवार रात सामने आई। कोतवाली थाना क्षेत्र में बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने पति और बच्चों के साथ टहल रही महिला को निशाना बनाते हुए उसके गले से करीब 2 तोला वजनी सोने का मंगलसूत्र और पेंड़िल तोड़ लिया। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हाउसिंग बोर्ड निवासी मंजूला यादव रविवार रात अपने पति प्रवीण यादव और बच्चों के साथ खाना खाने के बाद वॉक पर निकली थीं। इसी दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत सदर थाना सर्किल के पास बाइक पर सवार दो बदमाश अचानक उनके करीब पहुंचे। बदमाशों ने तेजी से बाइक रोककर मंजूला यादव के गले पर झपट्टा मारा और करीब 2 तोला सोने का मंगलसूत्र तोड़ लिया। वारदात इतनी अचानक हुई कि पीड़िता और उनका परिवार संभल पाता, उससे पहले ही दोनों बदमाश बाइक पर फरार हो गए।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पीड़ित परिवार ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सरेराह हुई चेन स्नेचिंग की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस सक्रिय हुई और शहर के मुख्य रास्तों व चौराहों पर नाकेबंदी करवाई गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्ध बदमाशों की तलाश जारी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। नागरिकों का कहना है कि लगातार बढ़ती ऐसी घटनाओं से शहर में आमजन, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
