जनगणना 2027 की तैयारी तेज, खेरवाड़ा में नयागांव तहसील क्षेत्र के कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण
खेरवाड़ा में जनगणना 2027 को लेकर प्रशिक्षण बैठक हुई। नयागांव तहसील के कार्मिकों को आंकड़ों के संकलन और सत्यापन की जानकारी दी गई।

खेरवाड़ा में जनगणना 2027 के तहत ग्राम एवं नगर निर्देशिका के आंकड़ों के संकलन एवं संधारण को लेकर सोमवार को पंचायत समिति सभागार, खेरवाड़ा में नयागांव तहसील क्षेत्र के लिए प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। बैठक तहसीलदार नयागांव डूंगर लाल प्रजापत के मुख्य आतिथ्य में हुई।
बैठक में तहसील नयागांव क्षेत्र के विभिन्न पटवार मंडलों से संबंधित पटवारियों एवं समकक्ष पदस्थापित अधिकारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना 2027 के अंतर्गत ग्राम एवं नगर निर्देशिका से संबंधित आंकड़ों के संकलन, सत्यापन, संधारण तथा आवश्यक अभिलेखीय प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
तहसीलदार डूंगर लाल प्रजापत ने प्रशिक्षणार्थियों को निर्देश दिए कि जनगणना से संबंधित कार्य निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा के अनुसार गंभीरता से पूरा किया जाए। उन्होंने आंकड़ों के संकलन में शुद्धता एवं पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
बैठक में नयागांव, छाणी, सकलाल, थाना, असारीवाड़ा, डेरी, हर्षावाड़ा, पहाड़ा, करावाड़ा, महुवाल, सररा, घाटी, कनबई, जायरा, बलीचा, खेड़ाघाटी, डबायचा, भोमटावाड़ा, पाटिया एवं गुड़ा सहित विभिन्न पटवार मंडलों से भू अभिलेख निरीक्षक एवं पटवारी उपस्थित रहे।
जनगणना 2027 के लिए ग्राम एवं नगर निर्देशिका के आंकड़ों का संकलन, सत्यापन और संधारण निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूरा करने को लेकर आयोजित यह प्रशिक्षण बैठक प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा रही।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
