उदयपुर। अणुव्रत समिति उदयपुर की ओर से रविवार को महाप्रज्ञ विहार में साध्वी श्री त्रिशला कुमारी थाना पांच के सानिध्य में महाप्रज्ञ अलंकरण दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। यह दिवस उस ऐतिहासिक क्षण की स्मृति में प्रतिवर्ष मनाया जाता है, जब आचार्य श्री तुलसी ने अपने शिष्य मुनि नथमल को ‘महाप्रज्ञ अलंकरण’ प्रदान किया था।

साध्वी श्री त्रिशला कुमारी ने अपने प्रवचन में बताया कि महाप्रज्ञ अलंकरण दिवस केवल एक समारोह नहीं, बल्कि जीवन विज्ञान की दिशा में एक प्रेरक पहल है। उन्होंने कहा कि यह दिवस हमें जीवन को सकारात्मक दृष्टिकोण से देखने, आत्म-विकास और नैतिक मूल्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है।

समिति की अध्यक्ष प्रणिता तलेसरा ने बताया कि अणुव्रत विश्व भारती समिति के तत्वावधान में यह दिवस ‘जीवन विज्ञान दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य समाज में जीवन विज्ञान के महत्व को प्रसारित करना और अधिक से अधिक लोगों को आत्मिक प्रगति के मार्ग पर अग्रसर करना है।

कार्यक्रम के दौरान तेरापंथ सभा के अध्यक्ष कमल नाहटा, युवा परिषद अध्यक्ष अशोक चोरडिया, महिला मंडल अध्यक्ष रेणु, तेरापंथ प्रोफेशनल अध्यक्ष राजेंद्र चंडालिया, समिति मार्गदर्शक अर्जुन खोखावत और जीवन विज्ञान प्रभारी चंद्र प्रकाश पोरवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सभा मंत्री अभिषेक पोखरण ने किया, जबकि आभार ज्ञापन सभा के कोषाध्यक्ष भगवती सुराणा ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर ज्ञानशाला के बच्चों की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। ज्ञानशाला संयुक्त के चंद्र पोखरण का विशेष सहयोग उल्लेखनीय रहा। आयोजन ने जहां अध्यात्म और विज्ञान के समन्वय का संदेश दिया, वहीं समाज में सकारात्मक जीवन दृष्टि के प्रसार की प्रेरणा भी जगाई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story