उदयपुर।

जिले के खेरवाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया। बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।

थानाधिकारी दलपतसिंह ने बताया कि अवैध शराब परिवहन की सूचना मिलने पर खेरवाड़ा थाना पुलिस ने अलसुबह विशेष नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें से 35 पेटी अंग्रेजी शराब के कार्टून मिले। कार चालक की पहचान जसवंत सिंह पुत्र प्रताप सिंह निवासी अदवास रोडावत, जावरमाइंस के रूप में हुई।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह शराब की खेप उदयपुर से गुजरात की ओर ले जा रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह शराब तस्करी नेटवर्क सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय है, जो राजस्थान से अवैध रूप से शराब की सप्लाई कर रहा था।

फिलहाल पुलिस ने शराब, वाहन और अन्य सामग्री जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ के दौरान नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

इस कार्रवाई से पुलिस ने न केवल अवैध शराब परिवहन पर रोक लगाई है, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय तस्करी गिरोहों पर भी कड़ा संदेश दिया है कि अवैध गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story