उदयपुर। महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने 'कैनो मैराथन वर्ल्ड कप 2026' में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले उदयपुर के प्रतिभावान खिलाड़ियों को आर्थिक संबल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया है। चीन के बाझोंग शहर में आगामी 21 से 24 मई तक आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागीदारी हेतु फाउण्डेशन की ओर से खिलाड़ियों को 5 लाख रुपये की सहयोग राशि सौंपी गई है। अंतरराष्ट्रीय कैनो फेडरेशन एवं चीन कयाकिंग एंड कैनोइंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस मेगा इवेंट में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व उदयपुर के कनिष्का कुमावत और आयुष चौधरी करेंगे।

उल्लेखनीय है कि चंडीगढ़ में आयोजित कड़ी राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स के दौरान देश भर के लगभग 300 श्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ था, जिसमें योग्यता के आधार पर उदयपुर के इन दोनों खिलाड़ियों का चयन भारतीय दल के लिए सुनिश्चित किया गया। कनिष्का और आयुष ने अपने अभिभावकों के साथ डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ से भेंट कर इस आर्थिक सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। खिलाड़ियों ने फाउण्डेशन द्वारा पूर्व में उपलब्ध कराई गई अंतरराष्ट्रीय स्तर की 12 अत्याधुनिक नौकाओं के लिए भी कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए इसे अपने खेल करियर के लिए संजीवनी बूटी बताया। फतहसागर झील की लहरों पर इन्हीं अत्याधुनिक नौकाओं के साथ नियमित और कठोर अभ्यास के दम पर इन खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। विश्व मंच पर उदयपुर और देश का गौरव बढ़ाने के लिए तत्पर इन खिलाड़ियों का यह सफर आगामी दिनों में खेल जगत में नई इबारत लिखने को तैयार है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story