उदयपुर। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) उदयपुर चैप्टर ने व्यापारिक जगत में नई ऊर्जा का संचार करते हुए गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में उदयपुर के विभिन्न व्यापारिक, औद्योगिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में शिरकत की। आयोजन का मुख्य उद्देश्य आगामी 'भारत व्यापार महोत्सव' की विस्तृत रूपरेखा साझा करना और शहर के व्यापारियों, उद्योगपतियों एवं उद्यमियों को इस राष्ट्रीय स्तर के भव्य आयोजन के साथ जोड़कर उन्हें विकास के नए अवसर प्रदान करना था।

समारोह में कैट उदयपुर चैप्टर के अध्यक्ष दिनेश चोरडिय़ा, महासचिव महेंद्र तलेसरा एवं कोषाध्यक्ष आशीष जैन ने भारत व्यापार महोत्सव के महत्व और उद्देश्यों पर विस्तृत प्रकाश डाला। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन भारतीय व्यापार, उद्योग और एमएसएमई सेक्टर के लिए एक ऐतिहासिक अवसर साबित होगा, जो स्थानीय उद्यमों को एक नई पहचान दिलाएगा। इस दौरान कैट गवर्निंग काउंसिल के एग्जीक्यूटिव मेंबर मनीष गलूंडिया ने पीपीटी के माध्यम से महोत्सव की बारीकियों को समझाया। उन्होंने बताया कि यह महोत्सव लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई), स्टार्टअप्स और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापार विस्तार का एक सशक्त और अनूठा मंच सिद्ध होगा।

बैठक में उपस्थित सदस्यों को रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया, स्टॉल बुकिंग, स्टॉल डिजाइन एवं प्रदर्शन, उत्पाद प्रदर्शनी, ब्रांड प्रमोशन, खरीदार-विक्रेता संवाद, नेटवर्किंग के अवसर और व्यापार विस्तार की असीमित संभावनाओं के बारे में संपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। शहर के उद्योगपतियों, व्यापारियों, मैन्युफैक्चरिंग यूनिट संचालकों और स्टार्टअप प्रतिनिधियों ने इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह बैठक न केवल व्यापारिक नेटवर्किंग को बढ़ावा देने का माध्यम बनी, बल्कि उदयपुर के उद्यमियों के लिए अपनी क्षमताओं को वैश्विक पटल पर प्रदर्शित करने का एक स्वर्णिम द्वार भी साबित हुई।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story