उदयपुर, 3 अप्रैल 2026: बहुजन समाज पार्टी की जिला कमेटी उदयपुर के तत्वावधान में पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक देबारी स्थित एक निजी होटल में आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को धरातल पर मजबूत करने और आगामी चुनावी रणनीतियों की विस्तार से समीक्षा करना था।

संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति

बैठक में बसपा उदयपुर के पूर्व जिला प्रभारी एडवोकेट सुरेश कुमार मेघवाल ने बताया कि इस बैठक के मुख्य अतिथि प्रदेश प्रभारी एडवोकेट प्रेम बारूपाल रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में लोकसभा जोन प्रभारी एडवोकेट जगदीश चंद्र पाल और एडवोकेट हरीश चंद्र गोड के साथ ही उदयपुर जोन प्रभारी सी.पी. चौहान ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शिव कुमार गौतम ने की।

युवाओं को राजनीति में मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी प्रेम बारूपाल ने स्पष्ट किया कि निकट भविष्य में होने वाले निकाय एवं नगर पालिका चुनावों को लेकर पार्टी पूरी तरह तैयार है। उन्होंने निर्देश दिए कि बूथ स्तर पर कार्य कर रहे निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को हटाकर नए एवं सक्रिय लोगों को जिम्मेदारी सौंपी जाए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को राजनीति में आगे लाने पर जोर देते हुए कहा कि "बसपा निकाय चुनाव में 50 प्रतिशत युवाओं को मौका देगी, जिससे स्वच्छ और मजबूत राजनीति के साथ प्रदेश के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।" साथ ही, उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि संभावित प्रत्याशियों की सूची तैयार कर शीघ्र प्रदेश कार्यालय में जमा करवाई जाए।

डॉ. अंबेडकर जयंती और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा

संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की आगामी 14 अप्रैल को होने वाली जयंती पर चर्चा करते हुए लोकसभा जोन प्रभारी जगदीश चंद्र पाल ने जानकारी दी कि इस अवसर पर उदयपुर जोन स्तरीय कार्यक्रम सिरोही जिले के कालेन्द्री में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने उदयपुर से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं को बसों के माध्यम से कार्यक्रम में पहुंचने का आह्वान किया।

बूथ स्तर पर सक्रियता का संकल्प

संगठन की आगामी कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए लोकसभा जोन प्रभारी हरीश चंद्र गोड ने बताया कि "अब प्रत्येक माह सेक्टर एवं बूथ स्तर की समीक्षा जिला मुख्यालय पर की जाएगी तथा नए युवाओं को संगठन से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा।"

इस विचार-विमर्श के दौरान श्री शंभू लाल मौर्य, श्री हमीनूर पठान, श्री दलपत गरासिया, श्री सुरेश मेघवाल (जिला उपाध्यक्ष), श्री कृष्ण कुमार (जिला उपाध्यक्ष), श्री होशियार सिंह, श्री मांगी लाल सेन, श्री खेमराज कटारा, दलपत गरासिया, श्री भीमराज, श्री अमित कनोजिया, श्री निबा राम गरासिया, श्री भगवती लाल, श्री देवी लाल मेघवाल और श्री नाना राम सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story