बीएसएनएल पेंशनर्स की समस्याओं पर उठी आवाज, परसाद में स्नेह मिलन कार्यक्रम संपन्न
खेरवाड़ा के ग्राम परसाद स्थित तन्नेश्वर महादेव मंदिर में बीएसएनएल पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन का स्नेह मिलन हुआ। कार्यक्रम में तृतीय वेतन पुनरीक्षण, महंगाई भत्ते और पेंशनर्स की समस्याओं पर चर्चा हुई।

अखिल भारतीय बीएसएनएल पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में खेरवाड़ा के ग्राम परसाद स्थित प्रसिद्ध तन्नेश्वर महादेव मंदिर के पवित्र प्रांगण में स्नेह मिलन एवं स्नेह भोज कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीएसएनएल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी वी. पी. लड्ढा ने की। कार्यक्रम की शुरुआत संगठन के महासचिव हरिश्चंद्र मनात के संबोधन से हुई। उन्होंने बीएसएनएल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए तृतीय वेतन पुनरीक्षण को लेकर सरकार की उदासीन नीतियों, महंगाई भत्ते का समय पर भुगतान नहीं होने और सरकार द्वारा पेंशनर्स के प्रति अपनाए जा रहे उपेक्षित रवैये पर चिंता व्यक्त की।
इस अवसर पर आर. सी. मीणा, अशोक भील, बाबूलाल कलाल सहित संगठन के कई पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में संगठन के अध्यक्ष भगवान मीणा ने उपस्थित सभी साथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन धर्मेन्द्र कुमार बलाई ने किया। स्नेह मिलन समारोह में संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
